Latest news

बिलासपुर में आईजी रामगोपाल गर्ग का औचक पुलिस निरीक्षण, सरकंडा–कोनी थानों से लेकर एसएसपी कार्यालय तक व्यवस्था की हुई बारीकी से पड़ताल

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read


Bilaspur बिलासपुर। रेंज में पुलिसिंग को अधिक संवेदनशील, अनुशासित और हाईटेक बनाने की दिशा में बिलासपुर में पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग ने जमीनी स्तर पर मोर्चा संभालते हुए औचक निरीक्षण किया। इस दौरान थानों की कार्यप्रणाली, रिकॉर्ड, स्वच्छता, पीड़ितों से व्यवहार और तकनीकी व्यवस्थाओं तक हर पहलू को परखा गया।

27 जनवरी 2026 को पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग द्वारा बिलासपुर जिले के सरकंडा एवं कोनी थाना का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह भी पुलिस महानिरीक्षक के साथ मौजूद रहे।
थानों के निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने थाना परिसर की साफ-सफाई, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अनुशासन, वेशभूषा तथा उपस्थिति की स्थिति का अवलोकन किया। थाना भवन का भ्रमण करते हुए उन्होंने थाने के अभिलेखों एवं रिकॉर्ड्स की भी जांच की।
निरीक्षण के दौरान थानों में आए पीड़ितों एवं फरियादियों से पुलिस महानिरीक्षक ने स्वयं संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित थाना प्रभारियों को प्रकरणों के निराकरण के लिए कहा। पीड़ितों के लिए थानों में पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था, साफ-सफाई बनाए रखने और समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने को लेकर सभी थाना प्रभारियों को अवगत कराया गया।
महिलाओं एवं बच्चों से विनम्र, सभ्य एवं संवेदनशील व्यवहार करने पर विशेष जोर दिया गया। थानों में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनते हुए उनका वैधानिक एवं त्वरित निराकरण किए जाने की बात पुलिस महानिरीक्षक द्वारा कही गई।
निरीक्षण के दौरान ‘अनुभव’ अभियान के अंतर्गत फरियादियों से फीडबैक प्राप्त करने हेतु क्यूआर कोड लगाने तथा ‘सशक्त’ ऐप में चोरी गए एवं लावारिस वाहनों की प्रविष्टि शीघ्रता से करने के निर्देश दिए गए। इन कार्यों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग के लिए पुलिस अधीक्षक को भी कहा गया।
थानों के रिकॉर्ड्स एवं कार्यवाहियों में निरीक्षण के दौरान जो कमियां सामने आईं, उन्हें एक सप्ताह के भीतर दुरुस्त कर पुलिस महानिरीक्षक को रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया।
इसी क्रम में पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भी भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया। इस दौरान निर्माणाधीन पुलिस अधीक्षक कार्यालय की कार्य प्रगति की जानकारी भी प्राप्त की गई।
निरीक्षण के संबंध में पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग ने बताया कि रेंज में पदस्थापना के बाद जिले की पुलिसिंग, थानों की कार्यप्रणाली, पुलिस अधिकारियों की समस्याओं और जमीनी स्थिति की जानकारी प्राप्त करना तथा थाना आने वाले फरियादियों के प्रति पुलिस को अधिक संवेदनशील बनाना इस निरीक्षण का उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के निरीक्षण आगे भी सतत जारी रहेंगे।
पुलिस महानिरीक्षक ने यह भी कहा कि जिले के थानों एवं पुलिस बल को हाईटेक बनाना, मोबाइल ऐप एवं आधुनिक तकनीकों के उपयोग में सक्षम करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है, और इस दिशा में कार्य प्रारंभ हो चुका है, जिसके परिणाम शीघ्र ही फील्ड स्तर पर दिखाई देंगे।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह ने कहा कि पुलिस महानिरीक्षक द्वारा व्यवस्था में सुधार को लेकर दिए गए सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।