
बिलासपुर।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में महिला और बाल सुरक्षा से जुड़े गंभीर मामलों में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग अपराधों का खुलासा किया है। एक ओर सोशल मीडिया पर महिलाओं और बच्चों से संबंधित अश्लील फोटो-वीडियो अपलोड करने वाले आरोपी को मस्तूरी पुलिस ने गिरफ्तार किया, वहीं दूसरी ओर नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर भगाकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को रतनपुर पुलिस ने दिल्ली से पीड़िता सहित बरामद कर जेल भेजा। दोनों ही मामलों में पुलिस की तकनीकी जांच, त्वरित कार्रवाई और अंतरराज्यीय प्रयास सामने आए हैं।


केस हिस्ट्री – 1
सोशल मीडिया पर अश्लील फोटो-वीडियो अपलोड करने वाला आरोपी गिरफ्तार
थाना – मस्तूरी
जिला – बिलासपुर (छ.ग.)
अपराध क्रमांक – 42/2025
धारा – 67(बी) आईटी एक्ट, 14 पॉक्सो एक्ट
मस्तूरी थाना क्षेत्र में साइबर टीप लाईन पोर्टल पर प्राप्त एक गंभीर शिकायत के बाद पुलिस ने महिला एवं बच्चों से संबंधित अश्लील फोटो-वीडियो के प्रसारण के मामले में बड़ी कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) द्वारा ऐसे मामलों में त्वरित अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे।
इन्हीं निर्देशों के पालन में साइबर टीप लाईन से प्राप्त शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 42/2025 दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। तकनीकी जांच के दौरान मोबाइल टावर लोकेशन, आईपी एड्रेस और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया, जिसमें यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी द्वारा अपने मोबाइल फोन से महिलाओं और बच्चों से संबंधित अश्लील फोटो-वीडियो अपलोड और प्रसारित किए जा रहे थे।
गिरफ्तार आरोपी
नाम – अभय कैवर्त
पिता – संतोष कैवर्त
उम्र – 24 वर्ष
निवासी – नेतानगर, मस्तूरी
थाना – मस्तूरी, जिला बिलासपुर (छ.ग.)
जांच में आरोपी की भूमिका सामने आने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बिलासपुर श्रीमती मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में थाना प्रभारी मस्तूरी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपी को पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया, जिसके बाद घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन को विधिवत जप्त किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
केस हिस्ट्री – 2
नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर भगाकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार
थाना – रतनपुर
जिला – बिलासपुर (छ.ग.)
रतनपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से संबंधित एक गंभीर अपराध का मामला सामने आया, जिसमें आरोपी द्वारा शादी का झांसा देकर लड़की को बहला-फुसलाकर भगाया गया और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए।
दिनांक 04 जुलाई 2025 को पीड़िता के परिजन द्वारा थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 03 जुलाई 2025 को उनकी नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर भगाकर ले गया है। रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया गया। मामला नाबालिग बालिका से जुड़ा होने के कारण इसकी गंभीरता को देखते हुए तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचित किया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बिलासपुर श्रीमती मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय से प्राप्त दिशा-निर्देशों के तहत थाना प्रभारी रतनपुर द्वारा आरोपी एवं पीड़िता की पतासाजी प्रारंभ की गई। जांच के दौरान पीड़िता के दिल्ली में होने की सूचना प्राप्त हुई, जिसके बाद रतनपुर पुलिस की टीम दिल्ली रवाना की गई।
गिरफ्तार आरोपी
नाम – शंकर यादव
पिता – परदेशी यादव
उम्र – 19 वर्ष
निवासी – केसर भाठापारा
थाना – पामगढ़
जिला – जांजगीर-चांपा (छ.ग.)
दिल्ली में दबिश देकर आरोपी शंकर यादव के पास से नाबालिग पीड़िता को बरामद किया गया। पीड़िता से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे भगाया और अपने साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी और पीड़िता को वापस रतनपुर थाना लाया गया, जहां आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, किशोर काले एवं महिला आरक्षक स्वाती बंजारे की विशेष भूमिका रही।



