
रायपुर। देशभर में सरकारी अस्पतालों की उन्नत होती स्वास्थ्य सेवाओं की कड़ी में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक अहम उपलब्धि सामने आई है। डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय में अब टोटल हिप रिप्लेसमेंट (THR) और टोटल नी रिप्लेसमेंट (TKR) जैसी जटिल और अत्याधुनिक ऑर्थोपेडिक सर्जरी की सुविधा पहले की तरह पूरी क्षमता के साथ मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही है। कूल्हे और घुटने की गंभीर समस्याओं से जूझ रहे मरीजों के लिए यह सुविधा जीवन में बड़ा बदलाव ला रही है।
डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय, रायपुर के ऑर्थोपेडिक विभाग में टोटल हिप रिप्लेसमेंट एवं टोटल नी रिप्लेसमेंट सर्जरी की सुविधा सुचारु रूप से संचालित की जा रही है। शासकीय अस्पताल में इस तरह की उच्चस्तरीय सर्जरी उपलब्ध होने से गंभीर जोड़ों के दर्द और गतिशीलता की समस्या से पीड़ित मरीजों को व्यापक लाभ मिल रहा है।
अस्थि रोग विभागाध्यक्ष डॉ. आर. के. दास के अनुसार, गठिया, ऑस्टियोआर्थराइटिस, रूमेटॉइड आर्थराइटिस, सड़क दुर्घटनाओं में आई जटिल चोटों अथवा वर्षों से चले आ रहे जोड़ों के दर्द से परेशान मरीजों के लिए यह सर्जरी अत्यंत प्रभावी सिद्ध हो रही है। सर्जरी के बाद मरीजों की चलने-फिरने की क्षमता में सुधार होता है और वे अपेक्षाकृत कम समय में सामान्य दिनचर्या की ओर लौट पाते हैं।
अम्बेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने बताया कि अस्पताल में टोटल हिप और टोटल नी रिप्लेसमेंट की सुविधा पूरी तरह उपलब्ध है। आधुनिक तकनीक, तय मेडिकल प्रोटोकॉल और अनुभवी ऑर्थोपेडिक सर्जनों की टीम के माध्यम से इन सर्जरी को सुरक्षित रूप से अंजाम दिया जा रहा है। बीते कुछ दिनों में लगभग 8 मरीजों की सफल जोड़ प्रत्यारोपण सर्जरी की जा चुकी है।
इन जटिल सर्जरी के माध्यम से लंबे समय से असहनीय दर्द झेल रहे मरीजों को स्थायी राहत मिल रही है और उनके जीवन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार देखा जा रहा है। शासकीय अस्पताल में यह सुविधा उपलब्ध होने से आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र मरीजों को निशुल्क और उच्चस्तरीय उपचार का लाभ भी मिल रहा है, जो निजी अस्पतालों में अत्यंत खर्चीला माना जाता है।
ऑर्थोपेडिक विभाग में उपलब्ध यह सुविधा राज्य ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों के लिए भी बड़ी स्वास्थ्य राहत के रूप में सामने आ रही है।



