बिलासपुर, रायपुर, 06 जनवरी 2025।
न्यायधानी बिलासपुर को छत्तीसगढ़ के आधुनिक शहरी मॉडल के रूप में विकसित करने की दिशा में सरकार ने बड़े पैमाने पर मंथन किया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में शहर और उसके बाहरी विस्तार से जुड़ी हर प्रमुख जरूरत—सड़क, फ्लाईओवर, रिंग रोड, एयरपोर्ट विस्तार, जल आपूर्ति, ड्रेनेज, स्वास्थ्य, उद्योग, पर्यटन और अरपा विशेष क्षेत्र विकास—एक साथ एजेंडे पर रही। बढ़ते शहरीकरण और भविष्य की आबादी को ध्यान में रखते हुए बिलासपुर के समग्र विकास की तस्वीर को नए सिरे से रेखांकित किया गया, जिसमें बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से लेकर दीर्घकालिक अधोसंरचना परियोजनाओं तक पर गहन चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बैठक में कहा कि प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा शहर होने के कारण बिलासपुर की भूमिका केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि औद्योगिक, शैक्षणिक, स्वास्थ्य और परिवहन केंद्र के रूप में भी महत्वपूर्ण है। बढ़ते शहरीकरण को ध्यान में रखते हुए यहां संतुलित, समावेशी और योजनाबद्ध विकास की आवश्यकता है। इसी परिप्रेक्ष्य में सरकार द्वारा स्वीकृत और प्रस्तावित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
शहरी अधोसंरचना पर फोकस
बैठक में सड़क, पुल-पुलिया, पेयजल, ड्रेनेज, यातायात व्यवस्था, प्रदूषण मुक्त शहर, आवास, ई-बस सेवा, हवाई यातायात, ट्रांसपोर्ट नगर, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल एवं युवा कल्याण जैसे विषयों पर अलग-अलग बिंदुओं पर चर्चा हुई। अधिकारियों द्वारा निर्माणाधीन परियोजनाओं की स्थिति से अवगत कराया गया और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर सहमति बनी।
स्वास्थ्य और चिकित्सा अवसंरचना
सिम्स के नए अस्पताल भवन के लिए एएस (Administrative Sanction) जारी करने की प्रक्रिया में तेजी
सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल को पीपीपी मोड पर संचालित करने का निर्णय
बिलासपुर में कैंसर अस्पताल की स्थापना को लेकर टाटा मेमोरियल अस्पताल से चर्चा का निर्णय
हवाई और परिवहन कनेक्टिविटी
बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार के लिए डिफेंस को राशि हस्तांतरण की जानकारी
एयरपोर्ट के अन्य विकास कार्यों एवं नाइट लैंडिंग सुविधा को शीघ्र शुरू करने पर सहमति
ट्रांसपोर्ट नगर सिलपहरी के विकास का कार्य सीएसआईडीसी द्वारा किए जाने पर सहमति
उसलापुर रेलवे ओवरब्रिज के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में तेजी
फ्लाईओवर और बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट
राजीव गांधी चौक–नेहरू चौक–महामाया चौक (वाय आकार) से रतनपुर मार्ग
305 करोड़ रुपये की लागत से फ्लाईओवर ब्रिज निर्माण
पुराना बस स्टैंड चौक से सीएमडी चौक–इमलीपारा रोड–टैगोर चौक–जगमल चौक
115 करोड़ रुपये की लागत से फ्लाईओवर निर्माण
एफसीआई गोडाउन व्यापार विहार क्षेत्र को सिरगिट्टी–महमंद बायपास से जोड़ने हेतु
320 करोड़ रुपये की लागत से तारबहार फोरलेन रेलवे ओवरब्रिज, डीपीआर तैयार करने के निर्देश
रिंग रोड और यातायात दबाव
शहर के बढ़ते यातायात दबाव को कम करने हेतु
950 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन बिलासपुर रिंग रोड
एनएचएआई की सहमति के आधार पर लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रस्ताव भेजने पर सहमति
जल, ड्रेनेज और पर्यावरण
खारंग जलाशय में पाराघाट व्यपवर्तन योजना
328 करोड़ रुपये
नगर निगम क्षेत्र में अरपा नदी के एसटीपी एवं ड्रेनेज कार्य
252 करोड़ रुपये
बिलासपुर शहर की जलभराव समस्या के समाधान हेतु
आपदा प्रबंधन निधि से 150 करोड़ रुपये
24×7 जल आपूर्ति योजना के लिए डीपीआर तैयार करने पर सहमति
अरपा साडा और क्षेत्रीय विकास
अरपा विशेष क्षेत्र विकास परियोजना (अरपा साडा) को लेकर
टीएनसीपी एवं जिला अधिकारियों की बैठक
पूर्व योजनाओं की समीक्षा और आगे की रणनीति पर चर्चा
कानन पेंडारी के सामने अंडरपास निर्माण
कोनी से बिरकोना–खमतराई–बहतराई मार्ग के निर्माण पर सहमति
बैठक में प्रमुख उपस्थिति
बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, विधायक श्री अमर अग्रवाल, विधायक श्री सुशांत शुक्ला, विधायक श्री धरमलाल कौशिक, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, मुख्य सचिव श्री विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के सचिव और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



