





बिलासपुर। बिलासपुर जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर निर्णायक प्रहार करते हुए पुलिस ने एक साथ कई मोर्चों पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के नेतृत्व में चलाए जा रहे “प्रहार अभियान” के तहत तड़के जिलेभर में सघन कॉम्बिंग गश्त, चेकिंग और गिरफ्तारी अभियान चलाया गया, जिसमें कुल 140 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान अवैध हथियारों के साथ 5 आरोपियों की गिरफ्तारी कर आर्म्स एक्ट के तहत अलग से कार्रवाई की गई, वहीं विशेष अभियान में 248 शिकायतों का त्वरित निराकरण किया गया।
एसएसपी के निर्देशन में एकसाथ जिलेभर में उतरी पुलिस
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के स्पष्ट निर्देशन में यह अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और ACCU के समन्वय से चलाया गया। सभी CSP और SDOP के माध्यम से थाना प्रभारियों को निर्देशित कर तड़के अभियान शुरू कराया गया, जिससे अपराधियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
दिनांक 04/05 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कॉम्बिंग गश्त संचालित की गई।
140 गिरफ्तार, वारंटियों और फरारों पर बड़ी कार्रवाई
कॉम्बिंग गश्त के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शामिल हैं —
30 स्थायी वारंटी,
69 गिरफ्तारी वारंटी,
23 फरार आरोपी,
06 संदिग्ध गुंडा एवं निगरानी बदमाश।
सभी आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
चार थाना क्षेत्रों में हथियारों के साथ 5 आरोपी धराए
अभियान के दौरान थाना तोरवा, सिविल लाइन, कोनी एवं चकरभाठा थाना क्षेत्रों में चेकिंग के समय 05 आरोपियों को अवैध चालू एवं धारदार हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों के कब्जे से हथियार बरामद कर उनके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत पृथक से प्रकरण दर्ज किया गया।
विशेष अभियान में 248 शिकायतों का त्वरित निराकरण
इसी अवधि में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में 03 एवं 04 जनवरी 2026 को विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत आम नागरिकों से प्राप्त कुल 248 शिकायतों का मौके पर या त्वरित रूप से निराकरण किया गया।
इनमें —
125 सादरी (सामान्य) शिकायतें,
123 स्थानीय शिकायतें शामिल रहीं।
प्रहार अभियान से अपराधियों में हड़कंप
जिलेभर में एक साथ की गई इस सघन कार्रवाई से अपराधियों, फरार आरोपियों और निगरानी बदमाशों में हड़कंप की स्थिति रही। पुलिस की टीमें देर रात से तड़के तक लगातार सक्रिय रहीं और हर थाना क्षेत्र में चेकिंग, दबिश और गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।



