तृतीय वर्ग, अनियमित और दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन


बिलासपुर,रायपुर।
छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ (पंजीयन क्रमांक 249) के आह्वान पर बुधवार 24 दिसंबर 2025 को समाज कल्याण संचालनालय, माना कैंप रायपुर में कर्मचारियों का आक्रोश खुलकर सामने आया। भोजनावकाश के दौरान कार्यालय परिसर में तृतीय वर्ग, अनियमित और दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री, विभागीय मंत्री, मुख्य सचिव तथा विभागीय सचिव के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने विभागीय स्तर पर लंबित समस्याओं को गंभीर बताते हुए कहा कि परामर्श रात्रि समिति की बैठक विभाग अध्यक्ष स्तर पर आहूत की जाए। इसके साथ ही अनुकंपा नियुक्ति प्राप्त सहायक ग्रेड-3 पद के कर्मचारियों की परिवीक्षा अवधि समाप्त किए जाने, लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को पूर्ण कर आदेश जारी करने, लिपिक कर्मचारियों को समाज शिक्षा संगठक के पद पर पदोन्नति देने और विभागीय परीक्षा आयोजित कर नियुक्ति की मांग प्रमुख रूप से रखी गई।
रिक्त पदों और सामाजिक सुरक्षा का मुद्दा भी उठा
प्रदर्शन के दौरान विभागाध्यक्ष कार्यालय और जिला स्तरीय कार्यालयों में रिक्त पदों की शीघ्र पूर्ति की मांग की गई। अनियमित एवं दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को वित्त निर्देश क्रमांक 31/2017 के तहत कर्मचारी भविष्य निधि एवं कर्मचारी प्रकरण उपबंध अधिनियम 1952 के अंतर्गत सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा श्रम सम्मान निधि का लाभ देने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
कर्मचारियों ने धमतरी सहित विभिन्न जिलों में नियम विरुद्ध लिपिक भर्ती, पदोन्नति और पदस्थापना के मामलों की जांच के लिए राज्य स्तरीय समिति गठित कर कार्यवाही किए जाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की।
प्रदेशभर के पदाधिकारी धरना स्थल पर मौजूद
धरना-प्रदर्शन को छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष पवन शर्मा, प्रदेश समन्वयक जी. आर. चंद्रा, अधिकारी प्रांत अध्यक्ष नरेश वाढेर, प्रांतीय महामंत्री हिमाचल साहू, संतोष कुमार वर्मा, प्रांतीय कोषाध्यक्ष आलोक जाधव, संभागीय अध्यक्ष संजय शर्मा, संरक्षक एवं क्रांति प्रवक्ता नारायण बाग, रायपुर जिला अध्यक्ष रामचंद्र टांडी सहित अनेक पदाधिकारियों ने संबोधित किया।
इस दौरान संजय झरवाडे, सुमित अग्रवाल, सुनील जारोलिया, सी. एल. दुबे, विमलचंद कुंडू, प्रतिभा सिंह, संतोषी यादव सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
हुंकार रैली में युवाओं की सक्रिय भागीदारी
धरना-प्रदर्शन के साथ आयोजित हुंकार रैली का नेतृत्व साहिल मुदलियार, शुभम भट्ट, मनोज सोना, वंदना, कुमारी छतरी, सत्यकांत दुबे, शशिकांत सोनी, विजय श्रीवास, शेखर पांडे, राजीव कस्तूरे, रामकुमार यादव, अनिल सिंह चंदेल, ज्योति पाल, आरती ठाकुर, रूपेश गुप्ता, गौरव साहू, ईश्वर चंद्रा, रोहित साहू, सुरेंद्र साहू, खुशी साहू, अश्वनी सोना, सागर, बुध विहार, फातिमा, प्रियंका, राजेंद्र अवस्थी, दिनेश खरसन, दीप नारायण, बंजारे, नेहा, सोनाली सहित अन्य कर्मचारियों ने किया।
नारेबाजी और सभा के माध्यम से कर्मचारियों ने अपनी मांगों को मुखर रूप से रखा, जिससे समाज कल्याण संचालनालय परिसर में पूरे समय हलचल और आंदोलन का माहौल बना रहा।



