बिलासपुर।
बिलासपुर में महिलाओं को निशाना बनाकर ऑटो में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह को सिविल लाइन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई में बेनकाब कर दिया। ध्यान भटकाने के बहाने मंगलसूत्र और नगदी उड़ाने वाली तीन महिला आरोपियों को घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।

थाना सिविल लाइन, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़) क्षेत्र अंतर्गत दिनांक 16 दिसंबर 2025 को प्रार्थिया मनीषा सोनी, निवासी अटल आवास, थाना सकरी, बिलासपुर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि ऑटो में सफर के दौरान अज्ञात महिलाओं ने इधर-उधर की बातें कर उनका ध्यान भटकाया और मौका देखकर मंगलसूत्र एवं नगदी चोरी कर ली।
रिपोर्ट दर्ज होते ही सिविल लाइन पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की। घटनास्थल के आसपास सक्रिय ऑटो, संदिग्ध गतिविधियों और तकनीकी तथ्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। विवेचना के दौरान घटना में शामिल तीनों महिला आरोपियों—रचना गिरी गोस्वामी, कौशिल्या गिरी गोस्वामी और रजन गिरी गोस्वामी को घटना के चंद घंटों के भीतर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ऑटो में बैठकर महिलाओं का ध्यान भटकाकर आभूषण एवं नगदी चोरी करने की वारदात स्वीकार की। आरोपियों के कब्जे से नगदी सहित 01 नग मंगलसूत्र बरामद किया गया, जिसकी कुल कीमत लगभग 30 हजार रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी—
रचना गिरी गोस्वामी, पति राजेश गिरी गोस्वामी, उम्र 25 वर्ष, निवासी महेशपुरमुरा, थाना जय नगर, जिला सूरजपुर (छ.ग.)
कौशिल्या गिरी गोस्वामी, पति हरद गिरी गोस्वामी, उम्र 30 वर्ष, निवासी पोडीपोडा, थाना बांगो, जिला कोरबा (छ.ग.)
रजन गिरी गोस्वामी, पति गब्बर गिरी गोस्वामी, उम्र 32 वर्ष, निवासी महेशपुरमुरा, थाना जय नगर, जिला सूरजपुर (छ.ग.)
पुलिस द्वारा तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिवत कार्रवाई करते हुए माननीय न्यायालय में पेश किया गया है।



