Latest news

खतरनाक हथियारों से घर में घुसकर हमला, वीडियो वायरल कर दहशत फैलाने की कोशिश; 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

बिलासपुर।
कोटा थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर आपराधिक घटना सामने आई है। राममंदिर चौक के पास हुए एक विवाद के बाद आरोपियों ने देर रात एक युवक के घर में जबरन घुसकर खतरनाक हथियारों से हमला किया। इस वारदात में प्रार्थी शुभम श्रीवास और उसके चाचा को सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना 14 दिसंबर 2025 की रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। आरोपियों ने घर में घुसते ही अश्लील गाली-गलौच शुरू की और धारदार व घातक हथियारों से हमला कर दिया। मारपीट के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद पड़ावपारा स्थित काली मंदिर के पास आरोपियों द्वारा हथियार लहराते हुए वीडियो बनाया गया, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल कर क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल पैदा करने का प्रयास किया गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोटा में गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (IPS) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अर्चना झा और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी चांद खान (21 वर्ष), निवासी पड़ावपारा, कोटा को धान मंडी के पास से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर दोमुंहा तबली, लोहे का पाइप, चैन स्प्रोकेट सहित अन्य घातक हथियार बरामद कर विधिवत जप्त किए गए।
प्रकरण में एक अपचारी बालक की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसके विरुद्ध किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पृथक वैधानिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड प्राप्त किया गया है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।