बिलासपुर, 8 दिसंबर 2025।
मोदी गारंटी लागू करो की मांग सहित 11 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रस्तावित तीन दिवसीय निश्चितकालीन हड़ताल (29, 30 एवं 31 दिसंबर 2025) को सफल बनाने जिला शाखा कर्मचारी–अधिकारी फेडरेशन बिलासपुर ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में फेडरेशन की आवश्यक बैठक पुराने कंपोजिट बिल्डिंग स्थित कृषि सभागार में आयोजित की गई, जिसमें आगामी आंदोलन को लेकर विस्तृत चर्चा और रणनीति बनी।
बैठक में फेडरेशन के जिला संयोजक डॉ. बी.पी. सोनी और महासचिव किशोर शर्मा ने बताया कि प्रांतीय निकाय के आह्वान पर होने वाली इस हड़ताल को सर्वोच्च स्तर पर सफल बनाने के लिए सभी संगठनों के पदाधिकारियों और कर्मचारियों/अधिकारियों को शामिल करने प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बैठक में उपस्थित प्रमुख पदाधिकारियों—जी.आर. चंद्रा, रोहित तिवारी, राजेंद्र दवे सहित अन्य सदस्यों ने एकजुटता के साथ आंदोलन में भागीदारी का आह्वान किया।
फेडरेशन द्वारा प्रदेश के सभी संभागों में प्रांतीय पदाधिकारियों के साथ बैठकों का क्रम जारी है। इसी कड़ी में 18 दिसंबर 2025 को बिलासपुर में संभाग स्तरीय बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया, जो प्रार्थना सभा भवन में होगी। बैठक में यह भी तय किया गया कि हड़ताल को व्यापक समर्थन दिलाने कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच जनसंपर्क अभियान तेज किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न शासकीय कार्यालयों एवं विद्यालयों में संपर्क कार्यक्रम चलाया जाएगा।
आज की बैठक में जी.आर. चंद्रा, रोहित तिवारी, डॉ. बी.पी. सोनी, किशोर शर्मा, राजेंद्र दवे, हिमाचल साहू, सूर्यप्रकाश कश्यप, रमेश द्विवेदी, लक्ष्मीचंद श्याम, राजेश्वर वस्त्रकार, जगदीश चंदेल, अशोक ब्रह्मभट्ट, राघवेंद्र शुक्ला, डॉ. चंद्रशेखर यादव, जी.एस. ध्रुव सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।



