Latest news

बिलासपुर ट्रैफिक अलर्ट : चालान नहीं भरने वालों पर बड़ी कार्रवाई शुरू — कोर्ट नोटिस के बाद होगी वाहनों की रजिस्ट्रेशन रद्दीकरण और जप्ती

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

नियम तोड़ने की कीमत अब सड़कों पर नहीं, कोर्ट में चुकानी होगी।”
बिलासपुर। शहर में यातायात नियमों की अनदेखी अब भारी पड़ने लगी है। यातायात पुलिस बिलासपुर ने सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि नियत समय पर चालान राशि जमा नहीं करने वाले वाहन स्वामी और चालक अब सीधे न्यायालय की प्रक्रिया में पहुंच रहे हैं। ऐसे मामलों में “सेंड टू रेगुलर कोर्ट” की कार्रवाई लगातार जारी है और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय बिलासपुर से संबंधित चालकों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
कोर्ट के नोटिस के बावजूद गैरहाजिर — अब रजिस्ट्रेशन होगा समाप्त, गाड़ियां होंगी जप्त
पुलिस के अनुसार, जो वाहन चालक या स्वामी न्यायालय के नोटिस के बाद भी उपस्थित नहीं हो रहे, उनके विरुद्ध रजिस्ट्रेशन समाप्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी। इतना ही नहीं, ऐसे प्रकरणों में वाहनों की जप्ती की कार्यवाही भी शीघ्र की जाएगी।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर, यातायात विभाग ने बताया कि आईटीएमएस (Intelligent Traffic Management System) के माध्यम से ऑनलाइन चालान किए जा रहे हैं। लेकिन बड़ी संख्या में वाहन चालकों द्वारा नियत समय पर चालान राशि जमा नहीं की जा रही, जिससे अब ये सभी प्रकरण स्वतः “ट्रांसफर टू रेगुलर कोर्ट” हो गए हैं।
अगस्त 2025 के पूर्व के लंबित चालान बने सिरदर्द
सूत्रों के अनुसार, अगस्त 2025 से पहले के कई चालान ऐसे हैं जिनका भुगतान वाहन स्वामियों ने अब तक नहीं किया है। इन लंबित प्रकरणों को न्यायालय में भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि चालकों के पते बदल जाने से नोटिस की तामिली में कठिनाइयां आ रही हैं, जिससे कई प्रकरण लंबित हो गए हैं। इसके बावजूद जो वाहन स्वामी अब भी कोर्ट में प्रस्तुत नहीं हो रहे, उनके विरुद्ध कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई तय है।
सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक कोर्ट में चालान जमा करने का अवसर
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिन वाहन स्वामियों के ऑनलाइन चालान (वर्चुअल कोर्ट वाले) अब तक लंबित हैं, वे प्रत्येक दिवस प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय, बिलासपुर में उपस्थित होकर फाइन अदा कर सकते हैं।
न्यायालय में अनुपस्थित रहने पर रजिस्ट्रेशन निलंबन और आगे वाहन जब्ती की कार्रवाई होगी।
शहर में बढ़ी निगरानी, नियम तोड़ने वालों की पहचान तेज
यातायात पुलिस ने बताया कि शहर में आईटीएमएस कैमरों के जरिए नियम उल्लंघन करने वाले वाहनों की स्वचालित पहचान की जा रही है। चालान वर्चुअल माध्यम से जारी हो रहे हैं और विभाग नियमित रूप से इनकी मॉनिटरिंग कर रहा है।
स्रोत: यातायात पुलिस बिलासपुर
तिथि: 12 नवम्बर 2025

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।