Latest news

नगपुरा में जमीन विवाद पर टेंशन: बड़े लोगों की जमीन का “लफड़ा”, सुबह से ही डेरा डाले रहे आरआई-पटवारी

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

वायरल ऑडियो से मचा हड़कंप, एक नेत्री और दो भाजपा नेताओं के बीच अंदरखाने जंग ते
बिलासपुर/सिरगिट्टी।
सिरगिट्टी क्षेत्र के ग्राम नगपुरा में सोमवार को सड़क से लगी एक विवादित जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी रही। लेकिन इस पूरे विवाद में सबसे दिलचस्प दृश्य यह रहा कि आमतौर पर विवाद सुलझाने के लिए “मनुहार” पर आने वाले आरआई और पटवारी इस बार खुद सुबह-सुबह मौके पर डेरा डाले बैठे नजर आए।


स्थानीय लोगों के बीच दिनभर यही चर्चा रही कि आखिर ये किन “बड़े लोगों” की जमीन का मामला है, जिसके लिए राजस्व विभाग का अमला इतनी तत्परता दिखा रहा है!
अमला पहुंचा, लेकिन नापा किसी और की जमीन!
गांव के लोगों के अनुसार, राजस्व अमला विवादित भूमि के बजाय आसपास की जमीन की नापजोक करने में लगा रहा। इससे ग्रामीणों में सवाल उठने लगे कि कहीं सीमांकन का नक्शा “पॉलिटिकल डायरेक्शन” पर तो नहीं बन रहा?
मौके पर आरआई और पटवारी टेप लेकर नापजोक करते रहे, वहीं भीड़ में इस बात की चर्चा जोरों पर रही कि “बड़े नेताओं के इशारे पर” राजस्व विभाग की टीम इस बार असामान्य रूप से सक्रिय हो गई है।


वायरल ऑडियो से और बढ़ा सियासी तापमान
इस दौरान एक नेत्री का वायरल ऑडियो भी चर्चा का केंद्र बना रहा।
ऑडियो में कथित तौर पर नेत्री और एक व्यक्ति के बीच बातचीत है, जिसमें नेत्री कह रही हैं —
“गरीबों के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए… आप मुझसे आकर मिलिए।”
इस ऑडियो के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सियासी हलचल तेज हो गई। ग्रामीणों के बीच यह चर्चा जोरों पर रही कि यह विवाद अब केवल जमीन का नहीं, बल्कि राजनीति की जंग का मैदान बन गया है।
दो पावर हाउस नेताओं के बीच “जमीन-जंग”
सूत्रों के अनुसार, सीमांकन की इस कार्यवाही के पीछे शहर और बिल्हा क्षेत्र के दो प्रभावशाली भाजपा नेताओं के बीच “अंदरखाने टकराव” चल रहा है।
बताया जा रहा है कि दोनों ही पक्ष राजस्व अमले को निर्देश देते रहे कि क्या और कैसे नापना है।
आरआई और पटवारी भी मौके पर बार-बार मोबाइल पर कॉल लेकर “डायरेक्शन” लेते देखे गए, जिससे पूरा माहौल और दिलचस्प बन गया।
पुलिस बल की मौजूदगी से टला टकराव
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पुलिस बल की तैनाती भी की थी। मौके पर नायब तहसीलदार ओमप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि —
“दोनों पक्षों के आवेदन पर सीमांकन का आदेश जारी किया गया था। यह कार्य शांतिपूर्ण ढंग से पूरा किया गया।
गांव में दिनभर चर्चा – “आरआई-पटवारी आज बड़े फॉर्म में थे!”
स्थानीय नागरिकों ने तंज कसते हुए कहा —
“हमारे मामलों में तो हफ्तों तक आरआई नहीं आते, लेकिन आज तो सुबह से ही डेरा डालकर बैठे हैं… लगता है मामला ‘ऊपर’ का है!”
दिनभर नगपुरा में सियासी सस्पेंस और राजस्व अमले की सक्रियता चर्चा का विषय बनी रही।
क्या है नगपुरा विवाद?
स्थान: ग्राम नगपुरा, सिरगिट्टी क्षेत्र, बिलासपुर
मुद्दा: सड़क किनारे की जमीन का स्वामित्व विवाद
स्थिति: राजस्व अमला मौके पर मौजूद, सीमांकन की कार्यवाही
चर्चा: बड़े नेताओं की जमीन, वायरल ऑडियो, राजनीतिक दबाव
प्रशासन: सीमांकन शांतिपूर्ण बताया
सियासत: भाजपा के दो प्रभावशाली नेताओं के बीच खींचतान

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।