Latest news

स्वास्थ्य मंत्री का बड़ा फैसला: अब ओपीडी में गरीब मरीजों को मिलेगी नि:शुल्क सीटी स्कैन और एमआरआई जांच सुविधा

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

मोहम्मद इसराइल बबलू

बिलासपुर, रायपुर।जनस्वास्थ्य हित में छत्तीसगढ़ सरकार ने एक और सराहनीय कदम उठाया है। स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय, रायपुर में बीपीएल श्रेणी के ओपीडी मरीजों को नि:शुल्क सीटी स्कैन और एमआरआई जांच सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, अन्य मरीजों को शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम दरों पर जांच का लाभ मिलेगा।

राजधानी रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत ओपीडी मरीजों को सीटी स्कैन और एमआरआई जांच में आ रही समस्याओं को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए तत्काल राहत प्रदान करने का फैसला किया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने निर्देश दिया है कि आगामी सामान्य परिषद की बैठक तक बी.पी.एल. राशनकार्डधारी ओपीडी मरीजों को जांच सुविधा पूर्णतः नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं ऐसे मरीज जो बीपीएल श्रेणी में नहीं आते हैं, उन्हें शासन द्वारा तय न्यूनतम दरों पर यह सुविधा मिलेगी।
अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री का यह निर्णय ओपीडी स्तर पर मरीजों के लिए सस्ती और सुलभ जांच सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने संबंधित विभागों को आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने और किसी भी मरीज को असुविधा न होने देने के निर्देश दिए हैं।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, अंबेडकर अस्पताल के रेडियोडायग्नोसिस विभाग में अत्याधुनिक सीटी स्कैन और एमआरआई मशीनें स्थापित हैं। प्रतिदिन यहां सैकड़ों मरीज जांच कराने आते हैं। हालांकि पिछले कुछ दिनों से आयुष्मान योजना पोर्टल पर तकनीकी समस्या के चलते ओपीडी मरीजों की जांच बुकिंग में दिक्कतें आ रही थीं।
इन परिस्थितियों को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने लोकहित में निर्णायक पहल करते हुए गरीब मरीजों की जांच नि:शुल्क करने के निर्देश जारी किए हैं, जिससे प्रदेश के हजारों जरूरतमंद मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा।
मरीजों के हित में सरकार के त्वरित कदम
बीपीएल श्रेणी के मरीजों के लिए सीटी स्कैन व एमआरआई निशुल्क
अन्य मरीजों के लिए न्यूनतम दर पर जांच सुविधा
आदेश का तत्काल पालन करने के निर्देश
आयुष्मान पोर्टल में तकनीकी समस्या का समाधान जारी
रेडियोडायग्नोसिस विभाग में अत्याधुनिक जांच मशीनें संचालित

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।