मो इसराइल बबलू
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा — “खेलो ऐसे कि पढ़ाई बन जाए, और पढ़ाई ऐसे कि खेल बन जाए”
बिलासपुर, 18 अक्टूबर 2025।
छत्तीसगढ़ की धरती ने एक बार फिर खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन देखा। 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता (सत्र 2025-26) का चार दिवसीय आयोजन 15 से 18 अक्टूबर तक बिलासपुर में सफलता पूर्वक सम्पन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों से 1,065 छात्र-छात्राएं, 150 से अधिक कोच एवं मैनेजर, 200 खेल अधिकारी और 200 शिक्षक-कर्मचारी शामिल हुए।
इस बार बिलासपुर जिले को बेसबॉल, कबड्डी और कराते की जिम्मेदारी दी गई थी, जिसमें 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने दमदार प्रदर्शन किया।
ओवरऑल चैंपियन का खिताब बिलासपुर संभाग के नाम रहा।
“कर्म करो, फल की चिंता मत करो” — तोखन साहू





मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा —
“खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है। गीता में भगवान कृष्ण ने कहा है — कर्म करो, फल की इच्छा मत करो। खिलाड़ी इसी भाव से मैदान में उतरता है। जब हम सर्वांगीण विकास की बात करते हैं, तब शारीरिक विकास भी उतना ही जरूरी है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ‘खेलो इंडिया’ के माध्यम से खेल संस्कृति को नई ऊँचाई पर ले जा रहे हैं, वहीं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय भी शालेय प्रतियोगिताओं के जरिए बच्चों को अवसर उपलब्ध करा रहे हैं।”
मंत्री साहू ने हर संभाग के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी और बच्चों के साथ फोटो खिंचवाया।
“जीत से अधिक महत्वपूर्ण भागीदारी है” — धरमलाल कौशिक
विशिष्ट अतिथि बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने कहा —
“कबड्डी के मैदान में खिलाड़ी चोट की परवाह किए बिना जीत के लिए संघर्ष करता है। यही खेल भावना हमारे जीवन का प्रेरक तत्व है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, दोनों ही खेल के विकास को नई दिशा दे रहे हैं। पुरस्कार पुनः प्रारंभ कर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।”
कार्यक्रम में शामिल प्रमुख अतिथि
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, उपाध्यक्ष श्रीमती ललिता संतोष कश्यप, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, एसएसपी श्री रजनेश सिंह, नगर निगम कमिश्नर श्री अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, डीईओ श्री विजय टांडे, वर्षा शर्मा (सहायक संचालक), रघुवीर सिंह राठौर, अखिलेश मेहता, सुशील मिश्रा, डॉ. सुरेश शुक्ला, भारती दुबे, कमलेश्वर यादव, आशीष मिश्रा, अनिल सिंह, जसपाल कौर, संदीप त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
मुख्य आकर्षण
क्रमांक श्रेणी आयोजन विजेता संभाग 1 टीम खेल कबड्डी बिलासपुर 2 मार्शल आर्ट कराते रायपुर 3 बेसबॉल बालक वर्ग दुर्ग 4 बेसबॉल बालिका वर्ग बिलासपुर 5 ओवरऑल चैंपियन — बिलासपुर संभाग
फैक्ट फाइल :
- आयोजन अवधि: 15 से 18 अक्टूबर 2025
- आयोजन स्थल: बिलासपुर
- प्रतिभागी: 1,065 विद्यार्थी (14–19 वर्ष आयु वर्ग)
- प्रतियोगिताएं: बेसबॉल, कबड्डी, कराते
- उद्देश्य: विद्यार्थी जीवन में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना
- थीम: “खेलो, सीखो और जीवन में संतुलन रखो”
राष्ट्रीय दृष्टि से खास
यह प्रतियोगिता न सिर्फ राज्य के खेल कैलेंडर की महत्वपूर्ण कड़ी रही बल्कि “खेलो इंडिया – खेल संस्कृति को जनआंदोलन” में छत्तीसगढ़ के बढ़ते योगदान का प्रतीक भी बनी। ग्रामीण व शहरी स्कूलों से आई प्रतिभाओं ने यह दिखाया कि संसाधनों की कमी के बावजूद हुनर और हौसला किसी सीमा का मोहताज नहीं।



