खमतराई में सीसी रोड, शवदाह गृह, कल्वर्ट व स्कूल भवन निर्माण कार्यों की हुई शुरुआत
मो इसराइल बबलू| बिलासपुर
बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 58, रानी दुर्गावती नगर खमतराई में शुक्रवार को बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने लगभग 50 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों में खमतराई में सीसी रोड निर्माण, शवदाह गृह निर्माण, कल्वर्ट निर्माण, एकता कॉलोनी में सीसी रोड निर्माण तथा प्राथमिक शाला खमतराई में अतिरिक्त कक्ष निर्माण शामिल हैं।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, नगर निगम सभापति श्री विनोद सोनी, एमआईसी सदस्य श्री बन्धु मौर्या, तथा वार्ड पार्षद श्रीमती कमला पुरुषोत्तम पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि “जनता की सुविधा और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए हमारा प्रयास निरंतर जारी रहेगा। सरकार की प्रत्येक योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यही हमारा लक्ष्य है।”
उन्होंने कहा कि खमतराई जैसे पुराने और घनी आबादी वाले इलाकों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना प्राथमिकता में है, ताकि नागरिकों को बेहतर सड़क, जल निकासी, एवं सामुदायिक सुविधाएँ मिल सकें।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय नागरिकों ने विधायक और नगर निगम टीम का आभार जताया तथा कहा कि वर्षों से लंबित विकास कार्यों की शुरुआत से क्षेत्र में नई ऊर्जा और उम्मीद जागी है।



