Mohammed israil
बिलासपुर। भारत निर्वाचन आयोग के आदेश के अनुसार प्रत्येक राजनीतिक दल को अपने-अपने बूथों पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) की नियुक्ति करना अनिवार्य कर दिया गया है। इसी विषय को लेकर शहर जिला कांग्रेस कमेटी और शहरी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक शनिवार को कांग्रेस भवन में आयोजित हुई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अंतर्गत आने वाले कुल 287 बूथों पर बीएलए नियुक्त किए जाएंगे। इसमें बिलासपुर विधानसभा के 245 बूथ, बेलतरा विधानसभा के 36 बूथ और बिल्हा विधानसभा के 6 बूथ शामिल हैं। तय किया गया कि सभी वरिष्ठ पदाधिकारी, पार्षद, पार्षद प्रत्याशी और कार्यकर्ताओं को उन्हीं बूथों पर बीएलए नियुक्त किया जाएगा, जहां उनका नाम दर्ज है।
इसके लिए कांग्रेसजनों से कहा गया है कि वे अपना बूथ क्रमांक, बूथ का सरल क्रमांक और एक पासपोर्ट साइज फोटो अपने-अपने ब्लॉक अध्यक्षों के पास जल्द जमा करें। यदि किसी को अपना बूथ क्रमांक याद नहीं है तो वे अपने वोटर आईडी का एपिक नंबर पार्षद ओम कश्यप को उपलब्ध कराएं, ताकि ऑनलाइन विवरण निकाला जा सके।
बैठक को संबोधित करते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय पांण्डेय ने निर्वाचन आयोग पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि—
“आज निर्वाचन आयोग संदेह के घेरे में खड़ा है। पिछले कुछ वर्षों से चुनाव परिणामों को प्रभावित करने की कोशिश की गई है, जो लोकतंत्र और संविधान के लिए घातक है। बिहार में SIR के नाम पर 65 लाख नाम काट दिए गए, जीवित व्यक्तियों को मृत घोषित किया गया और एक मकान में सैकड़ों मतदाताओं के नाम जोड़े गए। यह कोई भूल नहीं, बल्कि जानबूझकर किया गया कृत्य है। छत्तीसगढ़ में भी वोटर लिस्ट में संशोधन की तैयारी चल रही है, इसलिए कांग्रेस को और अधिक सजग रहने की आवश्यकता है।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर जिला कांग्रेस कमेटी बीएलए नियुक्ति को लेकर गंभीर है और सभी वरिष्ठ कांग्रेसजनों को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।
बैठक में प्रमुख रूप से शहर अध्यक्ष विजय पांण्डेय, प्रवक्ता ऋषि पांण्डेय, ब्लॉक अध्यक्ष जावेद मेमन, अरविंद शुक्ला, विनोद साहू, मोती ठारवानी, पार्षद ओम कश्यप, बबलू मगर और मनोज सिंह उपस्थित थे।
ब्लॉक अध्यक्ष जिनके पास दस्तावेज जमा किए जा सकते हैं
- जावेद मेमन
- अरविंद शुक्ला
- विनोद साहू
- मोती ठारवानी
- ओम कश्यप (पार्षद)



