Latest news

हादसे रोकने बिलासपुर पुलिस का बड़ा एक्शन प्लान : ‘बेस्ट ड्राइवर’ को सम्मान और वेतन वृद्धि, नियम तोड़ने वालों पर सख्ती

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

✍️ Mohammed israil

बिलासपुर। सड़क हादसों पर लगाम कसने और परिवहन व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में बिलासपुर पुलिस ने कड़ा कदम उठाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह की अध्यक्षता में रविवार को परिवहन व्यवसाय से जुड़े सभी संगठनों की विशेष बैठक हुई। बैठक में साफ निर्देश दिए गए कि वाहन चालक शराब सेवन कर किसी भी हाल में गाड़ी न चलाएं, लंबी दूरी तय करने वाले वाहनों में दो ड्राइवर रखना अनिवार्य होगा और सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग पर अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरी ओर, सुरक्षित और अनुशासित तरीके से वाहन चलाने वाले ड्राइवरों को “बेस्ट ऑफ द बेस्ट” सम्मान और इंसेंटिव देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।



बैठक में एसएसपी ने साफ निर्देश दिए कि वाहन चालक शराब सेवन कर किसी भी स्थिति में वाहन न चलाएं। लंबी दूरी तय करने वाले वाहनों में अनिवार्य रूप से दो ड्राइवर रखे जाएं, ताकि थकान या नींद की वजह से दुर्घटना की संभावना न रहे। उन्होंने हिदायत दी कि भोजन के लिए सड़क किनारे ढाबा या होटल में रुकने पर वाहन को सड़क पर खड़ा न करें, बल्कि निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करें।
सुरक्षित ड्राइवरों को मिलेगा सम्मान
पिछले वर्षों में जिन ड्राइवरों ने किसी भी प्रकार की सड़क दुर्घटना नहीं की है, उन्हें ट्रांसपोर्ट कंपनियों द्वारा नामांकित कर सार्वजनिक मंचों पर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही “बेस्ट ऑफ द बेस्ट ड्राइवर” को वेतन वृद्धि और इंसेंटिव देकर अन्य चालकों को प्रेरित करने की योजना पर भी विचार किया गया।
बेतरतीब पार्किंग पर सख्त कार्रवाई
बैठक में ऑटो चालकों की अव्यवस्थित पार्किंग और सड़क पर अनियंत्रित संचालन पर विशेष चर्चा हुई। एसएसपी ने इलेक्ट्रिक और पेट्रोल-डीजल ऑटो यूनियन को चेतावनी दी कि यदि लापरवाहियों पर नियंत्रण नहीं रखा गया तो नियमित चेकिंग में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नियम तोड़ने वालों पर निगरानी, नियम मानने वालों को प्रोत्साहन
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि जहां एक ओर नियम तोड़ने वालों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी, वहीं दूसरी ओर सुरक्षित और अनुशासित ड्राइविंग करने वालों को सम्मानित कर सकारात्मक संदेश दिया जाएगा।
बैठक में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे, चैंबर ऑफ कॉमर्स के वाइस प्रेसिडेंट डॉ. नवदीप सिंह अरोड़ा, ट्रांसपोर्ट यूनियन अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, बस मालिक संघ अध्यक्ष आकाश यादव, कार्यवाहक अध्यक्ष तपेश सिंह ठाकुर, मिनी ट्रक परिवहन संघ अध्यक्ष पवन कुमार गुप्ता, ऑटो संघ जिला अध्यक्ष नारायण पात्रे, ट्रेजरर ताम्रध्वज साहू, संयुक्त सचिव शेख वजीर, जनरल सेक्रेटरी सहित विभिन्न ट्रांसपोर्ट और व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
👉 मुख्य निर्देश
वाहन चालक शराब पीकर वाहन न चलाएं
लंबी दूरी की गाड़ियों में दो ड्राइवर रखना अनिवार्य
सड़क पर भोजन के दौरान वाहन खड़ा करने पर रोक
सुरक्षित ड्राइवरों को सम्मानित और प्रोत्साहित किया जाएगा
ऑटो चालकों की अव्यवस्थित पार्किंग पर सख्त कार्रवाई

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।