Latest news

तालाब ने छीन ली मासूम मुस्कानें : तीन पुलिसकर्मियों के बेटों की दर्दनाक मौत

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

Mohammed israil

दोस्तों के साथ नहाने गए मासूम नहीं लौटे घर, पुलिस लाइन में पसरा मातम


बिलासपुर,कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से शुक्रवार को एक हृदय विदारक हादसा सामने आया, जिसने पूरे पुलिस महकमे और शहरवासियों को गहरे सदमे में डाल दिया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रिसदी तालाब में नहाने गए तीन मासूम बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि ये तीनों बच्चे पुलिसकर्मियों के परिवार से थे और आपस में गहरे दोस्त थे।

जानकारी के मुताबिक मृतकों में युवराज सिंह ठाकुर (9 वर्ष), आकाश लकड़ा (13 वर्ष) और प्रिंस जगत (12 वर्ष) शामिल हैं। तीनों ही बच्चे पुलिस लाइन में रहने वाले परिवारों के थे। युवराज के पिता राजेश्वर ठाकुर सिविल लाइन में पदस्थ हैं, आकाश के पिता जोलसा लकड़ा पुलिसकर्मी हैं, जबकि प्रिंस के पिता दिवंगत अयोध्या जगत पुलिस लाइन से जुड़े रहे।

शुक्रवार को तीनों बच्चे घर से तालाब नहाने निकले थे। बताया गया कि खेल-खेल में वे गहरे पानी की ओर बढ़ गए और अचानक डूबने लगे। वहां मौजूद लोग जब तक उन्हें बाहर निकाल पाते, उनकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की खबर जैसे ही पुलिस लाइन पहुंची, वहां मातम पसर गया। परिवारों की चीख-पुकार सुन हर किसी की आंखें नम हो गईं।


1. मासूम दोस्ती का दर्दनाक अंत
तीनों बच्चे बचपन से ही एक-दूसरे के साथी थे। खेलना-कूदना, पढ़ाई और रोजाना का समय एक साथ बिताते थे। शुक्रवार को भी वे खुशी-खुशी नहाने गए थे, लेकिन लौटे कफ़न में।

2. पुलिस लाइन में पसरा मातम
तीनों परिवार पुलिस लाइन में ही रहते हैं। जैसे ही हादसे की खबर वहां पहुंची, पूरा मोहल्ला गमगीन हो गया। सहकर्मी पुलिसकर्मी भी परिवारों को ढांढस बंधाने पहुंचे, लेकिन हर तरफ सिर्फ चीख और सन्नाटा था।

3. गहराई बनी काल
रिसदी तालाब इलाके के लोग बताते हैं कि यह तालाब काफी गहरा है। बच्चों के अकेले नहाने जाने से बड़ा खतरा बना रहता है। लोगों ने मांग की है कि प्रशासन यहां सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी बोर्ड लगाए।


खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।