Bilaspur Chhattisgarh बिलासपुर। बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र में गणेश पंडाल की भक्ति और श्रद्धा का माहौल उस वक्त दहशत में बदल गया, जब एक बदमाश ने शराब के लिए पैसे न देने पर युवक पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना, लेकिन सरकंडा पुलिस की त्वरित कार्रवाई में आरोपी को धर दबोच लिया गया।
सरकंडा थाना क्षेत्र के देवनंदन नगर फेस-2 निवासी द्रविड़ दास मानिकपुरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका छोटा भाई सत्यम दास मानिकपुरी (26) 4 सितंबर की रात लगभग 9 बजे अपने साथियों संग गणेश पंडाल में पूजा-पाठ और भजन-कीर्तन की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान आरोपी सागर डहरे उर्फ रेनी (19), निवासी गीतांजली सिफी फेस-2, अपने साथियों संग वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे की मांग करने लगा।
पैसे देने से इंकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौच शुरू कर दी और हाथ मुक्कों से मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। बात यहीं नहीं रुकी, आरोपी ने अपने पास रखे चाकू से सत्यम के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भापुसे) ने आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल और सीएसपी सरकंडा सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन पर थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी सागर डहरे को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकारते हुए घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू बरामद कराया।
पुलिस ने आरोपी पर धारा 119(1), 296, 115(2), 351(2), 118(1) बीएनएस सहित 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।



