✍️ Mohammed israil
बड़ा सवाल…करोड़ों खर्च के बाद भी डूबा बिलासपुर: स्मार्ट सिटी में जलभराव से हाहाकार, निगम ने कच्ची नालियों से निकाला पानी
बिलासपुर। बिलासपुर को स्मार्ट सिटी बनाने के दावे कितने खोखले साबित हो रहे हैं, यह गुरुवार की बारिश ने उजागर कर दिया। करोड़ों रुपये नालों-नालियों की सफाई और निर्माण पर खर्च करने के बाद भी शहर के निचले इलाकों में हालात ऐसे बने कि निगम को कच्ची नालियां खोदकर और मोटर पंप लगाकर पानी निकालना पड़ा। सवाल यह उठता है कि जब अरबों की योजनाओं का पैसा बहाया जा चुका है, तो आखिर क्यों हर बारिश में शहर जलमग्न हो जाता है और जनता की दुर्दशा सामने आती है?


बिलासपुर में पिछले 18 घंटों से हो रही भारी बारिश ने स्मार्ट सिटी के दावों की पोल खोल दी। बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात से अब तक 127 मिमी बारिश दर्ज की गई। निचले इलाकों पुराना बस स्टैंड, जरहाभाठा, तैयबा चौक, बंधवापारा, जोरापारा, चांटीडीह, मित्र विहार और श्रीकांत वर्मा मार्ग सहित कई इलाकों में पानी भर गया। हालत यह रहे कि निगम को 70 स्थानों से पानी निकालना पड़ा, जिसमें 33 जगह जेसीबी और पोकलेन, 7 जगह मोटर पंप और 32 जगह मैन्युअल व्यवस्था करनी पड़ी।
निगम कमिश्नर अमित कुमार खुद सुबह से फील्ड पर रहे और उन्होंने सरकंडा, मंगला, सकरी, राजकिशोर नगर, तिफरा समेत कई रिहायशी इलाकों का निरीक्षण किया। सभी जोन कमिश्नरों और इंजीनियरों को लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि करोड़ों की नाला-नाली सफाई और विकास कार्यों के बावजूद निगम को कच्ची नालियां खोदकर पानी निकालना क्यों पड़ा?




बाढ़ नियंत्रण कक्ष सक्रिय
नगर निगम ने विकास भवन में बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। यहां 24 घंटे तीन पालियों में अधिकारी-कर्मचारी तैनात रहेंगे। कक्ष का नंबर 07752-471224 जारी किया गया है। इसके अलावा अपर आयुक्त खजांची कुम्हार (मो. 9753437043), मुख्य अभियंता राजकुमार मिश्रा (मो. 917694044002) और सहायक नोडल अधिकारी अनुपम तिवारी (मो. 9993596615) को नोडल अधिकारी बनाया गया है। आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को सुरक्षित रखने के लिए सामुदायिक और निजी भवन चिन्हित किए गए हैं।
🚨 बारिश का असर
- 18 घंटे में 127 मिमी बारिश
- 70 स्थानों से पानी निकासी
- 33 जगह जेसीबी/पोकलेन, 7 जगह मोटर पंप, 32 जगह मैन्युअली निकासी
निगम की मजबूरी
- करोड़ों खर्च के बाद भी हाल बेहाल
- कच्ची नालियां खोदकर निकाला गया पानी
- स्मार्ट सिटी के दावे पर उठे सवाल
📞 बाढ़ नियंत्रण कक्ष
- नंबर: 07752-471224
- नोडल अधिकारी: खजांची कुम्हार, राजकुमार मिश्रा, अनुपम तिवारी
- 24 घंटे अलर्ट मोड में निगम का अमला



