बिलासपुर। बिल्हा विकासखण्ड के ग्राम कर्मा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में सोमवार को एक सराहनीय पहल देखने को मिली। ग्राम के वरिष्ठ नागरिक एवं सेवानिवृत्त शिक्षक रामदत्त गौरहा ने अपने नाती आंजनेय तिवारी के जन्मदिवस के अवसर पर शाला के लगभग 70 बच्चों को टाई, बेल्ट और बिस्किट वितरित किए।

इस अवसर पर ग्राम के सरपंच नन्दकुमार साहू, पूर्व सरपंच राजकुमार कश्यप, नन्दकुमार चौबे, शैक्षिक समन्वयक साहू जी सहित शाला के सभी शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस तरह की सौगात पाकर वे विद्यालय आने के लिए और भी उत्साहित महसूस कर रहे हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरपंच नन्दकुमार साहू ने कहा कि श्री गौरहा हमेशा से शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य करते रहे हैं। समाज को भी उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए ताकि हर बच्चे तक शिक्षा और जरूरी सामग्री पहुंच सके। पूर्व सरपंच राजकुमार कश्यप ने कहा कि बच्चों की छोटी-छोटी जरूरतें पूरी करने से उनके मन में पढ़ाई के प्रति लगाव और आत्मविश्वास बढ़ता है।
शैक्षिक समन्वयक साहू जी ने भी इस पहल की सराहना की और कहा कि इस प्रकार की सामाजिक जिम्मेदारी से शिक्षा की गुणवत्ता और बच्चों का उत्साह दोनों बढ़ते हैं। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और शिक्षा को सर्वोपरि रखें।
ज्ञात हो कि रामदत्त गौरहा विगत वर्ष भी कर्मा एवं आसपास की शालाओं में बच्चों को शैक्षणिक सामग्री प्रदान कर चुके हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका शिक्षा के प्रति समर्पण और बच्चों के लिए लगाव उन्हें समाज में एक अलग पहचान दिलाता है।
इस अवसर पर गौरहा ने कहा कि बच्चों की प्रगति ही गांव का भविष्य है। यदि हर नागरिक अपने स्तर पर शिक्षा में योगदान दे तो समाज की दिशा और दशा दोनों बदल सकती है।
कार्यक्रम के अंत में शाला परिवार की ओर से गौरहा का आभार व्यक्त किया गया और बच्चों ने सामूहिक रूप से गीत गाकर जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।



