
Mohammed israil
राजधानी के क्लब, पब और फ़ार्महाउस पार्टियों तक फैला जाल — पुलिस रिमांड में आरोपी से नेटवर्क की कड़ियाँ तलाश रही है
रायपुर, बिलासपुर 31 अगस्त 2025।
राजधानी रायपुर की पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क पर बड़ी सफलता हासिल करते हुए कटोरा तालाब निवासी और पेशे से इंटीरियर व फैशन डिज़ाइनर नव्या मलिक (30) को मुंबई से गिरफ्तार किया। आरोपी को शनिवार को रायपुर लाकर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले से जुड़े एक अन्य पैडलर को भी हिरासत में लिया गया है। इस पूरे प्रकरण में अब तक चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और पुलिस के हाथ कुछ नए नाम भी लगे हैं।
नाइट पार्टियों से जुड़ा नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, राजधानी रायपुर के क्लब, पब और फ़ार्महाउस में होने वाली नाइट पार्टियों के दौरान बड़ी मात्रा में ड्रग्स की सप्लाई की जा रही थी। इस सप्लाई चेन में नव्या मलिक की अहम भूमिका सामने आई है। फैशन और इंटीरियर डिज़ाइनिंग के पेशे में रहते हुए उसने पार्टियों और शो के दौरान ड्रग्स की दुनिया से नज़दीकी बढ़ाई।
इस तरह लगी ड्रग्स की लत
जांच में खुलासा हुआ कि फैशन शो और पार्टियों में जाने के दौरान नव्या मलिक स्वयं ड्रग्स की आदी हो गई थी। इसी दौरान उसकी पहचान बड़े पैडलर्स से हुई और उसने पैसा कमाने के लिए ड्रग्स की तस्करी शुरू कर दी।
दिल्ली से लेकर पंजाब-मुंबई तक तस्करों से संपर्क
शुरुआत में वह दिल्ली से ड्रग्स मंगाती थी। धीरे-धीरे उसका नेटवर्क पंजाब, हरियाणा और मुंबई तक फैल गया। पुलिस का कहना है कि नव्या मलिक एमडीएमए और हेरोइन जैसी खतरनाक नशीली पदार्थों की सप्लाई करती थी।
पुलिस रिमांड में पूछताछ
पुलिस ने नव्या मलिक को रायपुर कोर्ट में पेश कर तीन दिन का रिमांड लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में नेटवर्क से जुड़े अन्य पैडलर्स और सप्लायरों के नाम सामने आ सकते हैं। इस गिरफ्तारी को राजधानी में सक्रिय ड्रग्स सिंडिकेट को तोड़ने की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
1: अब तक की कार्रवाई
23 अगस्त 2025 – देवेंद्र नगर ओवरब्रिज के पास तीन तस्कर गिरफ्तार, ₹20 लाख कीमत का नशा जब्त।
31 अगस्त 2025 – नव्या मलिक मुंबई से गिरफ्तार कर रायपुर लाई गई।
कुल गिरफ्तारियां – चार आरोपी हिरासत में।
एक और पैडलर – नेटवर्क से जुड़ा युवक पुलिस हिरासत में।
2: ड्रग्स नेटवर्क का फैलाव
सप्लाई स्थान – क्लब, पब, फ़ार्महाउस और नाइट पार्टियाँ।
प्रमुख संपर्क – दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और मुंबई के तस्कर।
सप्लाई पदार्थ – एमडीएमए और हेरोइन।
ग्राहक वर्ग – नाइट लाइफ़ से जुड़े युवा और फैशन पार्टियों में शामिल लोग।
3: पुलिस का बयान
“नव्या मलिक की गिरफ्तारी से ड्रग्स सप्लाई चेन का बड़ा हिस्सा हमारे सामने आया है। आरोपी से पूछताछ जारी है और जल्द ही अन्य पैडलर्स पर भी शिकंजा कसा जाएगा।”



