“नशे का धंधा अब बेनकाब होगा,
हर जाम पर सरकार का हिसाब होगा।
कैशलेश खरीदारी से पारदर्शिता बढ़ेगी,
और अवैध बिक्री पर सख़्त किताब होगा…”
Mohammed israil
रायपुर, 25 अगस्त।
छत्तीसगढ़ में शराब दुकानों की तस्वीर अब बदलने जा रही है। जल्द ही सभी मदिरा दुकानों में कैशलेश व्यवस्था लागू होगी। आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने विभागीय समीक्षा बैठक में साफ निर्देश दिए कि शराब दुकानों में शत-प्रतिशत भुगतान ऑनलाइन माध्यम से ही हो। उनका कहना था कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता और नियंत्रण को बढ़ावा देने यह कदम उठाया जा रहा है।

बैठक में मंत्री ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अवैध मदिरा निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री पर अब बख्शा नहीं जाएगा। अंतर्राज्यीय सीमाओं पर आबकारी जांच चौकियों को चौकस रखने और विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। होटल, ढाबों और फॉर्म हाउस में शराब की गुप्त बिक्री और पार्टियों पर निगरानी कसने की बात भी उन्होंने दोहराई।
मंत्री के निर्देशों की मुख्य बातें :
- सभी दुकानों में ऑनलाइन पेमेंट अनिवार्य।
- सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे मुख्यालय की निगरानी।
- अवैध शराब व नशीले पदार्थों पर सख्त कार्रवाई।
- अंतर्राज्यीय सीमाओं पर कड़ी चौकसी और विशेष अभियान।
- फॉर्म हाउस व होटल-ढाबों में शराब की अवैध बिक्री पर रोक।
बैठक में आबकारी विभाग की सचिव आर. शंगीता ने विभागीय गतिविधियों का विस्तार से प्रस्तुतिकरण किया। वहीं, विशेष सचिव देवेन्द्र कुमार भारद्वाज, अपर आयुक्त आशीष श्रीवास्तव, पी.एल. साहू, जी.के. भगत और कॉरपोरेशन से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।



