Mohammed israil
बिलासपुर। शहर में छात्र आपसी रंजिश के नाम पर अब खून-खराबे पर उतर आए हैं। भारतमाता स्कूल, तारबाहर में मंगलवार को 9वीं कक्षा के छात्रों ने 12वीं के छात्र आवेश मिर्जा पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमला इतना खतरनाक था कि आवेश को बुरी तरह घायल हालत में अस्पताल ले जाना पड़ा। बीच-बचाव करने आए उसके दोस्त को भी चाकू मारकर घायल कर दिया गया।
🔎 क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, 12वीं का छात्र आवेश मिर्जा स्कूल की गैलरी में खड़ा था। तभी 9वीं कक्षा के 6–8 छात्रों ने उसे अपनी क्लास में बुलाया। आवेश जैसे ही पहली मंज़िल पर पहुँचा, वहां खड़े छात्रों ने पुराने विवाद को लेकर उससे गाली-गलौज की और मिलकर उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद चाकू निकालकर पेट और हाथ पर वार कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे आवेश के दोस्त को भी चाकू मारा गया। दोनों छात्रों को तुरंत अस्पताल भेजा गया।
लगातार बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाएँ
यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले हफ्ते ही बिलासपुर के एक छात्र की चाकूबाजी में गंभीर चोट लगने के बाद रायपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। उस घटना से शहर अभी उबरा भी नहीं था कि अब भारतमाता स्कूल में फिर से खूनखराबा हो गया। इन वारदातों ने स्कूल प्रबंधन और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
🚨 पुलिस जांच शुरू
घटना तारबाहर थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावर छात्रों की पहचान शुरू कर दी है। हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं, घायलों का इलाज जारी है।
सवालों के घेरे में स्कूल प्रबंधन
- स्कूल में सुरक्षा व्यवस्था क्यों नहीं थी?
- नाबालिग छात्र चाकू लेकर क्लास तक कैसे पहुँचे?
- पिछली घटना के बाद भी पुलिस-प्रशासन लापरवाह क्यों?
पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति
थाना – तारबाहर, जिला – बिलासपुर (छ.ग.)
19.08.2025 को दोपहर लगभग 12:00 बजे तारबहार क्षेत्रांतर्गत विद्यालय में अध्ययनरत कक्षा 9वीं के तीन नाबालिग छात्र, विद्यालय परिसर की गैलरी में कक्षा 12वीं के दो छात्रों के साथ विवाद करने लगे। विवाद के दौरान नाबालिग छात्र ने प्रार्थी एवं उसके साथी को हाथ में रखे नेल कटर से प्रार्थी के शरीर में चोट पहुचाया ।
सूचना पर थाना तारबाहर पुलिस द्वारा तत्परता से मामला दर्ज कर किशोर न्याय अधिनियम (JJ Act) के प्रावधानों के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बिलासपुर में चाकूबाजी का ट्रेंड (पिछले 5 साल)
- 2021 : 48 मामले दर्ज, 06 मौत
- 2022 : 53 मामले दर्ज, 08 मौत
- 2023 : 61 मामले दर्ज, 11 मौत
- 2024 : 69 मामले दर्ज, 15 मौत
- 2025 (अगस्त तक) : 42 मामले दर्ज, 07 मौत



