Mohammed israil
रायगढ़ में बच्चा चोरी की कोशिश, पुलिस के हवाले किया गया आरोपी, इलाके में फैली दहशत
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बच्चा चोरी की कोशिश से सनसनी फैल गई। जूटमिल थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के करीब तीन बजे एक युवक घर में घुसकर मासूम बच्चे को उठाकर ले जाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन घरवालों की नींद खुलने पर युवक रंगेहाथ पकड़ लिया गया।
घरवालों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए और आरोपी युवक की जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सुबह आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत और नाराजगी का माहौल है।
संदिग्ध गतिविधियों से हुआ शक
जानकारी के मुताबिक आरोपी युवक जूटमिल के सामने वाली गली में देर रात संदिग्ध तरीके से बच्चों को देख रहा था। स्थानीय लोगों को उस पर शक हुआ लेकिन वह वहां से निकल गया। कुछ देर बाद वह एक घर में घुस गया और बच्चे को उठाकर ले जाने की कोशिश करने लगा। इस दौरान घर के लोगों की नींद खुल गई और उन्होंने युवक को धर दबोचा।
पुलिस ने किया गिरफ्तार
मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी से पूछताछ की, लेकिन वह गोलमोल जवाब देता रहा। गुस्साए लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी और फिर पुलिस को बुलाकर उसे सौंप दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसके साथ और कौन लोग शामिल हैं, और क्या यह कोई संगठित गिरोह है।
छत्तीसगढ़ में पहले भी सामने आ चुके हैं बच्चा चोरी के मामले
वर्षजिला/क्षेत्रघटना का विवरण2021 रायगढ़ 6 वर्षीय बच्चे को अगवा कर झारखंड ले जाया गया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बच्चे को सकुशल छुड़ाया। 2021 रायगढ़ हाईकोर्ट ने फिरौती के लिए अपहरण के आरोप हटाते हुए अपहरण और छुपाने की सजा बरकरार रखी। 2025 (जून) लोरमी 7 वर्षीय बच्ची का अपहरण, कंकाल श्मशान घाट में मिला। DNA जांच से हुई पहचान। 2019 राज्यभर IPC धारा 366 के तहत करीब 420 मामलों में लड़कियों को जबरन उठाने की शिकायतें दर्ज। 2018–2020 राज्यस्तर मानव तस्करी के तहत — 2018 में 101, 2019 में 113, और 2020 में 35 मामले दर्ज हुए।
पुलिस की सतर्कता जरूरी
प्रदेश में बच्चा चोरी और मानव तस्करी से जुड़े मामलों ने समय-समय पर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। रायगढ़ की यह ताज़ा घटना बताती है कि संदिग्धों पर नज़र रखने और समय पर प्रतिक्रिया देने से बड़ी घटनाओं को टाला जा सकता है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी युवक किसी गिरोह से जुड़ा है या नहीं।



