


📰 mohammed israil
🟡 Bilaspur Chhattisgarh बिलासपुर।सिरगिट्टी के शासकीय उत्तर माध्यमिक विद्यालय में गोकने नाले के पानी ने फिर शिक्षा व्यवस्था को ठप कर दिया है। आज इसी विद्यालय में आबकारी आरक्षक की परीक्षा भी होनी है, जिस पर संकट मंडराने लगा था। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर स्कूल परिसर का निरीक्षण किया और समाधान के लिए जरूरी निर्देश दिए।
📝 सिरगिट्टी स्थित शासकीय उत्तर माध्यमिक विद्यालय एक बार फिर जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। भारी बारिश के बाद गोकने नाले का पानी स्कूल परिसर में घुस आया, जिससे स्कूल की पढ़ाई प्रभावित हो गई है। इस स्थिति को देखते हुए बिलासपुर के कलेक्टर संजय अग्रवाल, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, आयुक्त, बीईओ सहित तमाम अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे।




जिला प्रशासन की टीम ने स्कूल प्रांगण में भरे पानी के बीच जाकर स्थिति का जायजा लिया। स्कूल के एक कक्ष में अधिकारियों, निगम कर्मियों और शिक्षा विभाग के बीच बैठक आयोजित की गई। इसमें हर साल दोहराने वाली इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने पर चर्चा की गई।
🔹 गोकने नाले के मोड़ को सीधा करने की मांग
बैठक में स्कूल प्राचार्य और जनप्रतिनिधियों ने नाले के मोड़ को काटकर सीधा करने की मांग दोहराई। विधायक कौशिक ने इस समाधान को उचित बताते हुए कहा कि मुख्य सड़क से स्कूल के लिए एप्रोच रोड बनने से बच्चों की समस्याएं काफी हद तक कम होंगी। इस पर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने समाधान का भरोसा दिया और शीघ्र कार्रवाई के संकेत दिए।
📌 इसी विद्यालय में होनी है परीक्षा
गौरतलब है कि इसी स्कूल में आज व्यापम की आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा आयोजित होनी है। लेकिन परिसर में भरे पानी के कारण परीक्षा को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई थी। सेंटर बदलने की आशंका से अभ्यर्थियों में भी चिंता फैल गई थी।
हालांकि, निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि परीक्षा इसी सेंटर पर ही कराई जाएगी। यदि बारिश नहीं थमी तो आने-जाने के लिए ऊंचा प्लेटफॉर्म बनाया जाएगा और परीक्षा स्कूल की ऊपरी मंजिलों में कराई जाएगी।
🛑 सिरगिट्टी अंडरब्रिज का दर्द भी उभरा
निरीक्षण के दौरान सिरगिट्टी तारबाहर अंडरब्रिज की समस्या भी सामने आई। यहां काऊ कैचर के मरम्मत कार्य के चलते 10 अगस्त तक आवागमन बंद है। धीमी गति से चल रहे रेलवे कार्य से स्कूली छात्रों और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जनप्रतिनिधियों ने मौके पर ही डीआरएम से बात कर जल्द समाधान निकालने की मांग की, जिस पर कलेक्टर ने भी तत्काल हस्तक्षेप कर बीच का वैकल्पिक रास्ता निकालने की पहल की है।
📦 📍 स्कूल जलमग्न – गोकने नाले की बाढ़ से शिक्षा व्यवस्था ठप📍 परीक्षा संकट में – आज है आबकारी आरक्षक परीक्षा📍 कलेक्टर ने दिया आश्वासन – परीक्षा होगी, ऊपरी कमरों में होगी व्यवस्था📍 स्थायी समाधान की पहल – नाला सीधा करने और एप्रोच रोड की योजना📍 अंडरब्रिज की समस्या भी उभरी – वैकल्पिक मार्ग के लिए डीआरएम से संपर्क



