
बिलासपुर। अनुविभागीय अधिकारी (रा.) बिलासपुर मनीष साहू की ओर से तहसील कार्यालय में कार्य विभाजन को लेकर महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है। कलेक्टर कार्यालय से प्राप्त निर्देशों के आधार पर यह आदेश जारी हुआ है, जिसके तहत तहसीलदार, अतिरिक्त तहसीलदार और नायब तहसीलदारों के बीच पटवारी हल्कों का नए सिरे से आवंटन किया गया है। इस पुनर्गठन का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों में गति और पारदर्शिता लाना है।
कलेक्टर बिलासपुर के आदेश पर दिनांक 14 जुलाई 2025 के तहत बिलासपुर तहसील में दो अतिरिक्त तहसीलदारों की नियुक्ति की गई है, वहीं एक अतिरिक्त तहसीलदार का अन्य तहसील में स्थानांतरण कर दिया गया है। इन नियुक्तियों के मद्देनजर अनुविभागीय अधिकारी (रा.) बिलासपुर द्वारा दिनांक 22 जुलाई 2025 को तहसील कार्यालय में पदस्थ तहसीलदार, अतिरिक्त तहसीलदार और नायब तहसीलदार के बीच पटवारी हल्कों का पुनः वितरण कर दिया गया है।
आदेश के अनुसार:


🔹 श्रीमती गरिमा सिंह ठाकुर, तहसीलदार को कुल 10 पटवारी हल्कों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इनमें शामिल हैं: सिरगिट्टी, सेमरताल, बन्नाकडीह, खैरा (ल), पेण्डरवा, तिफरा, परसदा, बिरकोना, गतौरी और जूना बिलासपुर।

🔹 श्री आकाश गुप्ता, अतिरिक्त तहसीलदार को 9 हल्कों का कार्य सौंपा गया है: तोरवा, उरतुम, चांटीडीह, तालापारा, बिजौर, मोपका, मटियारी, सेंदरी एवं खमतराई।

🔹 श्रीमती प्रकृति ध्रुव, अतिरिक्त तहसीलदार को 6 हल्के सौंपे गए हैं: देवरीखुर्द, लोफंदी, मंगला, सरकंडा, मदनपुर और भरारी।

🔹 श्री विभोर यादव, नायब तहसीलदार को 7 हल्कों की जिम्मेदारी दी गई है: बहतराई, कुदुदंड, जरहाभाठा, कोनी, लिंगियाडीह, ढेका और मानिकपुर।
प्रत्येक अधिकारी को उनके हल्का क्षेत्र के अलावा कलेक्टर, अतिरिक्त कलेक्टर एवं एसडीएम द्वारा समय-समय पर सौंपे जाने वाले अन्य प्रशासनिक कार्यों को भी संपादित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
कार्य में तेजी आने की उम्मीद
बिलासपुर तहसील में इस कार्य विभाजन से क्षेत्रीय प्रशासन को सुव्यवस्थित रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी। साथ ही, नागरिकों को राजस्व संबंधित कार्यों में समयबद्ध समाधान मिलने की उम्मीद है। यह कदम प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



