बिलासपुर, छत्तीसगढ़,।बिलासपुर में सड़क दुर्घटनाओं और कानून व्यवस्था को लेकर चलाए जा रहे सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। एक 19 वर्षीय युवक को शराब के नशे में तेज रफ्तार कार चलाते हुए पकड़ा गया। चेकिंग के दौरान उसकी कमर से एक पिस्टलनुमा एयरगन भी बरामद की गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उस पर मोटर व्हीकल एक्ट व बीएनएसएस के तहत जुर्माना और प्रतिबंधक कार्यवाही की।


शहर में सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशन में बिलासपुर पुलिस द्वारा रात्रिकालीन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 20 जुलाई 2025 की रात सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के महाराणा प्रताप चौक के पास चेकिंग प्वाइंट लगाया गया था।
चेकिंग के दौरान रायपुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार काली रंग की XUV 700 (क्रमांक CG 10 BU 2504) को रोका गया। वाहन चालक की ब्रेथ एनालाइजर से जांच करने पर उसके नशे में होने की पुष्टि हुई। पूछताछ व तलाशी के दौरान युवक की कमर से एयरगन पिस्टल बरामद हुई, जिसे पुलिस ने (B.N.S.S.) की धारा 106 के तहत जप्त किया।
पकड़े गए युवक की पहचान अर्चित केडिया पिता स्व. उत्तम केडिया उम्र 19 वर्ष, निवासी रामावार्ड कॉलोनी, रायपुर रोड, बिलासपुर के रूप में की गई है। पुलिस ने नशे की हालत में वाहन चलाने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्यवाही करते हुए माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां ₹10,000 का जुर्माना लगाया गया।
इसके अतिरिक्त आरोपी युवक के खिलाफ प्रतिबंधक कार्यवाही भी की गई है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
बॉक्स में विशेष:
🔹 आरोपी युवक: अर्चित केडिया, उम्र 19 वर्ष
🔹 स्थान: रामावर्ड कॉलोनी, रायपुर रोड, बिलासपुर
🔹 जब्त वाहन: XUV 700 (CG 10 BU 2504)
🔹 बरामद वस्तु: एक नग एयरगन (कमर में छुपा कर रखी गई)
🔹 कार्रवाई:
- मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत ₹10,000 जुर्माना
- B.N.S.S. की धारा 106 के तहत एयरगन जप्त
- पृथक से प्रतिबंधक कार्यवाही
पुलिस अपील:
बिलासपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वाहन चलाते समय नशा न करें और कोई भी संदिग्ध वस्तु अपने पास न रखें। पुलिस की चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगी और कानून तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



