रायपुर। छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन की बैठक अध्यक्ष कमल वर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में राज्य के शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों से जुड़े 11 प्रमुख मांगों पर त्वरित निर्णय की माँग की गई। यदि 16 जुलाई 2025 तक मांगे पूरी नहीं की जाती हैं, तो ब्लॉक/जिला स्तर पर रैली और ज्ञापन सौंपा जाएगा, और 22 अगस्त 2025 को एक दिवसीय सामूहिक अवकाश लेकर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
फेडरेशन ने मांग की है कि मोदी की गारंटी के अनुरूप कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता तत्काल देय तिथि से दिया जाए। जुलाई 2019 से लंबित डीए एरियर्स की राशि जीपीएफ खाते में समायोजित करने की मांग भी प्रमुख रही। पिंगुआ कमेटी की रिपोर्ट को सार्वजनिक कर वेतन विसंगतियों का समाधान करने की बात भी जोरशोर से उठी।
अन्य मांगों में चार स्तरीय समयमान वेतनमान प्रणाली (8, 16, 24, 30 वर्ष), सहायक शिक्षक व पशु चिकित्सा अधिकारियों को तृतीय समयमान वेतनमान, कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा, और अनुकंपा नियुक्ति में 10% सीमा हटाकर सीधी भर्ती के सभी पदों पर नियुक्ति शामिल हैं।
फेडरेशन ने मध्यप्रदेश की तर्ज पर 300 दिन के अर्जित अवकाश का नगदीकरण और पुरानी पेंशन योजना की बहाली की भी माँग की है। साथ ही, सभी विभागों में सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने और कार्यरत संविदा, दैनिक वेतनभोगियों को नियमित करने का आग्रह किया गया।
फेडरेशन ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने 22 अगस्त तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
बिलासपुर में गूंजी कर्मचारियों की आवाज

बिलासपुर में गूंजी कर्मचारियों की आवाज छत्तीसगढ़ लघु वेतन कर्मचारी संघ के प्रांतीय प्रवक्ता वीरेंद्र कुमार साहू ने बताया कि छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के आवाहन पर छत्तीसगढ़ लघु वेतन कर्मचारी संघ ने भी मोदी की गारंटी पूरी करने और केंद्र के समान महंगाई भत्ता के मांग को लेकर रैली में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया रैली पुराने कंपोजिट बिल्डिंग से लेकर कलेक्टर कार्यालय तक मोदी की गारंटी पूरी करो के नारे गूंजते रहे कलेक्टर को मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा गया कर्मचारी संघ द्वारा बताया गया कि मांग पूरी नहीं होने पर आगे अनिश्चितकालीन हड़ताल किया जाएगा इस अवसर पर छत्तीसगढ़ लघु वेतन कर्मचारी संघ के प्रांतीय प्रवक्ता वीरेंद्र कुमार साहू जिला अध्यक्ष जगदीश सिंह चंदेल जिला सचिव अशोक कुमार ब्रह्म भट्ट जिला कोषाध्यक्ष राजेश कुमार कंवर राजेश वर्मा रमेश निर्मलकर कामेश्वर बंजारे संग के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहें l



