Latest news

हाईटेक नकल कांड: परीक्षा में हिडन कैमरा और माइक्रो स्पीकर से धांधली के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से ₹30000 में की खरीदी, डिवाइस चलाने यूट्यूब से ली training…. परीक्षा में  नकल रोकने उठाए गए कड़े कदम, जानिए क्या है पूरा मामला

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

00 दोनों बहनों से न्यायिक रिमांड पर लेकर पुलिस कर रही पूछताछ

बिलासपुर के सरकंडा स्थित परीक्षा केंद्र में व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित परीक्षा में हाईटेक नकल कांड का खुलासा हुआ है। दो बहनों ने मिलकर इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और तकनीक का इस्तेमाल करते हुए सुनियोजित तरीके से नकल करने का प्रयास किया। आरोपियों ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से 30 हजार रुपये खर्च कर डिवाइसेस खरीदीं और यूट्यूब से उनकी ट्रेनिंग ली। मामले के खुलासे के बाद व्यापम ने सख्त कदम उठाते हुए परीक्षा नियमों में बड़ा बदलाव किया है।



13 जुलाई 2025 को परीक्षा केंद्र क्रमांक 1309 रामदुलारे शासकीय बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरकंडा, बिलासपुर में व्यावसायिक परीक्षा मंडल की ओर से उप अभियंता (सिविल, विद्युत, यांत्रिकी) पद हेतु परीक्षा आयोजित की गई थी। इसी परीक्षा में शामिल हुई कु. अन्नु सूर्या नामक परीक्षार्थी ने हाईटेक तरीके से नकल करने की कोशिश की, जिसका भंडाफोड़ परीक्षा के दौरान ही हो गया।

अन्नु सूर्या ने अपने अंतःवस्त्रों में हिडन कैमरा और कानों में माइक्रो स्पीकर छिपाया हुआ था। उसकी छोटी बहन अनुराधा, परीक्षा केंद्र के बाहर वॉकी-टॉकी, टैबलेट और मोबाइल से जुड़ी हुई थी, जो सवालों के जवाब उसे सीधे इन डिवाइसेस के ज़रिए भेज रही थी। दोनों बहनों ने इस गैजेट सेटअप को ऑनलाइन माध्यम से ₹30,000 में खरीदा था और इसे संचालित करने की पूरी ट्रेनिंग यूट्यूब वीडियो से ली थी।

सूचना मिलने पर परीक्षा केंद्राध्यक्ष श्री पी. मंडल और व्यापम के अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला व्याख्याता की मदद से तलाशी करवाई। अन्नु सूर्या और अनुराधा के पास से हिडन कैमरा, ईयर माइक्रो स्पीकर, वॉकी-टॉकी, टैबलेट और मोबाइल डिवाइस बरामद हुए। सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ज़ब्त कर दोनों बहनों के विरुद्ध नकल प्रकरण दर्ज किया गया।

कानूनी कार्यवाही:
पुलिस ने केन्द्राध्यक्ष की रिपोर्ट पर धारा 318(2), 112(2), 61(2) बीएनएस, 72 आईटी एक्ट एवं छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2008 की धारा 03 एवं 09 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
दिनांक 14 जुलाई को आरोपित बहनों को गिरफ्तार कर माननीय जेएमएफसी न्यायालय में पेश किया गया, जहां तीन दिन की पुलिस रिमांड (16 जुलाई 2025, दोपहर 3 बजे तक) स्वीकृत की गई है। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर यह पता लगाएगी कि कहीं किसी बड़े गिरोह का हिस्सा तो नहीं हैं।


व्यापम ने बदले नियम:
इस घटना को गंभीर मानते हुए व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने त्वरित निर्णय लेते हुए परीक्षा के दौरान नए सुरक्षा नियम लागू कर दिए हैं:

  • अब से परीक्षा केंद्रों में जूते, फुल शर्ट, कुर्ता आदि पहनने पर प्रतिबंध रहेगा।
  • नीट परीक्षा की तरह व्यापम की परीक्षाओं में भी सख्त नियम लागू किए जाएंगे।
  • परीक्षार्थियों को परीक्षा हॉल में केवल सैंडल, हॉफ स्लीव्स कपड़े और पारदर्शी पाउच में आवश्यक सामग्री के साथ ही प्रवेश मिलेगा।


इस हाईटेक नकल कांड ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि तकनीक का दुरुपयोग किस हद तक जाकर किया जा सकता है। प्रशासन की सतर्कता से नकल की यह कोशिश नाकाम हुई, लेकिन यह घटना परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े करती है। व्यापम द्वारा उठाए गए सख्त कदमों से भविष्य में ऐसी घटनाओं पर लगाम लगने की उम्मीद की जा रही है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।