Latest news

बलौदा बाजार अग्निकांड: सुप्रीम कोर्ट से जमानत के बाद अधिवक्ता जितेंद्र बंजारा का भव्य स्वागत

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

00 मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि विष्णु सरकार ने झूठे केस में फसाया है, न्याय की हुई जीत

बिलासपुर। बलौदा बाजार अग्निकांड मामले में अधिवक्ता जितेंद्र बंजारा को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद रविवार को बिलासपुर के अंबेडकर चौक में समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। जेल से रिहा होकर पहुंचे बंजारा के स्वागत के दौरान समर्थकों ने आतिशबाजी की और नारेबाजी करते हुए उनका स्वागत किया।

इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए जितेंद्र बंजारा ने कहा कि उन्हें और उनके साथियों को बलौदा बाजार अग्निकांड में झूठे तरीके से फंसाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि विष्णु देव साय की सरकार ने राजनीतिक षड्यंत्र के तहत उन्हें और उनके समुदाय के लोगों को निशाना बनाया। बंजारा ने कहा, “हम पर झूठे आरोप लगाकर 8 महीने तक जेल में रखा गया, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने हमारे पक्ष में न्याय दिया। यह जीत सत्य की है।”

आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर बंजारा ने अपने समर्थकों को एकजुट रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समुदाय के लोग चुनावों में विष्णु देव सरकार को उनके झूठे आरोपों और अन्याय का जवाब देंगे। “यह सरकार जनता का भरोसा खो चुकी है। हमारे समुदाय के लोग इसे सबक सिखाएंगे।इस मौके पर बड़ी संख्या में उनके समर्थक मौजूद थे, जिन्होंने अधिवक्ता बंजारा के प्रति अपनी एकजुटता जाहिर की। गौरतलब है कि बलौदा बाजार अग्निकांड एक संवेदनशील मामला रहा है, जिसमें कई सामाजिक और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप देखने को मिले हैं। सुप्रीम कोर्ट से मिली इस जमानत के बाद इस मामले में नया मोड़ आया है। अब देखना होगा कि आगामी चुनावों में इस घटनाक्रम का राजनीतिक असर कैसा रहता है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।