Latest news

दीपावली पर सिम्स में इमरजेंसी का दबाव, तीन दिन में 1156 मरीज पहुंचे; सड़क हादसे और मारपीट के मामले सबसे ज्यादा

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
6 Min Read

पटाखों से झुलसने के 14 मरीज भर्ती, सांस लेने में तकलीफ के 20 मरीजों को भी देना पड़ा उपचार; 69 मरीज अस्पताल में भर्ती, 1087 ने ओपीडी में कराया इलाज

बिलासपुर। दीपावली की खुशियां मनाने के बीच सड़कों पर हादसों और मारपीट की घटनाओं ने अस्पतालों का बोझ बढ़ा दिया। दीपावली के तीन दिनों में छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर में 1156 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। इनमें सड़क दुर्घटना और मारपीट के मामले सबसे अधिक रहे। पटाखों की चपेट में आकर झुलसने वाले मरीज भी अस्पताल पहुंचे, वहीं आतिशबाजी के धुएं के बीच सांस लेने में तकलीफ होने पर 20 मरीजों को भर्ती कर उपचार देना पड़ा। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सिम्स प्रबंधन ने पूरे पर्व के दौरान अस्पताल को अलर्ट मोड पर रखा।

7 से 9 नवंबर तक के आंकड़ों के मुताबिक, तीन दिनों में कुल 69 मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया गया, जबकि 1087 मरीजों ने ओपीडी में उपचार कराया। इस तरह कुल 1156 मरीजों ने सिम्स की स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। इन आंकड़ों से साफ है कि त्योहार के दौरान आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं पर सामान्य दिनों की तुलना में अतिरिक्त दबाव रहा।

सड़क हादसों में 921 मरीज पहुंचे, मारपीट के 160 मामले

दीपावली के दौरान सड़क दुर्घटनाएं और मारपीट की घटनाएं प्रमुख रूप से सामने आईं। सड़क दुर्घटना यानी आरटीए के 25 मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया गया, जबकि 896 मरीजों ने ओपीडी में उपचार कराया। इस तरह सड़क दुर्घटना से जुड़े कुल 921 मरीज सिम्स पहुंचे।

इसी तरह मारपीट के 10 मरीजों को भर्ती करना पड़ा, जबकि 150 मरीज ओपीडी में उपचार के लिए पहुंचे। कुल मिलाकर मारपीट से जुड़े 160 मामले सामने आए। दुर्घटनाओं और मारपीट के मामलों में मेडिकल लीगल केस (एमएलसी) भी शामिल रहे।

पटाखों से झुलसे 49 मरीज, 14 को करना पड़ा भर्ती

दीपावली पर आतिशबाजी के दौरान भी लोगों को चोटें आईं। पटाखों से झुलसने के 14 मरीजों को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा, जबकि 35 मरीजों ने ओपीडी में उपचार कराया। इसके अलावा आंखों में संक्रमण और चोट की शिकायत लेकर 6 मरीज सिम्स पहुंचे। आतिशबाजी के दौरान लापरवाही और सुरक्षा उपायों की अनदेखी से इस तरह की घटनाएं सामने आईं।

धुएं से सांस लेने में परेशानी, 20 मरीज भर्ती

दीपावली के दौरान पटाखों से निकलने वाले धुएं और प्रदूषण का असर भी मरीजों की सेहत पर दिखाई दिया। सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद 20 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया गया। यह स्थिति बताती है कि आतिशबाजी के दौरान निकलने वाला धुआं सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों के लिए चुनौती बन सकता है।

अधिष्ठाता ने वार्डों का किया निरीक्षण, हर विभाग को अलर्ट रहने के निर्देश

दीपावली पर्व को देखते हुए सिम्स प्रबंधन ने पहले से ही विशेष चिकित्सकीय व्यवस्था की थी। संयुक्त संचालक एवं चिकित्सा अधीक्षक की ओर से सभी विभागाध्यक्षों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए थे। अस्पताल में एम्बुलेंस को स्टाफ सहित शिफ्टवार तैयार रखा गया था। सभी विभागाध्यक्षों और यूनिट प्रभारियों को आकस्मिक ड्यूटी रोस्टर स्पष्ट रखने तथा कंसल्टेंट, सीनियर एवं जूनियर रेजिडेंट, इंटर्न और चिकित्सा अधिकारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने कहा गया था।

चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मोबाइल फोन चालू रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल अस्पताल पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। ऑपरेशन थिएटर (ओटी) और आईसीयू में जीवनरक्षक दवाइयां, आईवी फ्लूड, आवश्यक उपकरण और ब्लड की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए चिकित्सकीय टीम को तैयार रखा गया था।

अधिष्ठाता और चिकित्सा अधीक्षक ने संभाली कमान

अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति के नेतृत्व में दीपावली के दौरान अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की उपलब्धता, दवाइयों और आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था का जायजा लिया गया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें।

वहीं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपलब्धता, एम्बुलेंस, आपातकालीन विभाग, ओटी और आईसीयू की तैयारियों के साथ आवश्यक दवाइयों एवं चिकित्सा संसाधनों की स्थिति का जायजा लिया।

आपातकालीन मदद के लिए हेल्पलाइन

सिम्स प्रबंधन के अनुसार दीपावली के दौरान विशेष अलर्ट व्यवस्था और चिकित्सकीय टीम की तत्परता से आपातकालीन सेवाएं सुचारु रखी गईं। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में सिम्स के आपातकालीन विभाग के दूरभाष क्रमांक 07752-222301 पर संपर्क किया जा सकता है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।