गृहग्राम डिंडौरी में पारंपरिक अंदाज में की गोवर्धन पूजा, गौमाता की सेवा कर दिया संस्कृति और परंपरा से जुड़े रहने का संदेश




बिलासपुर/मुंगेली। केंद्र सरकार में आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे तोखन साहू गोवर्धन पूजा के अवसर पर अपने गृहग्राम डिंडौरी (विकासखंड लोरमी, जिला मुंगेली) पहुंचे। यहां उनका अंदाज किसी केंद्रीय मंत्री जैसा औपचारिक नहीं, बल्कि गांव के एक आम व्यक्ति की तरह पारंपरिक और सहज नजर आया। उन्होंने ग्रामीण परिवेश में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गोवर्धन पूजा की और गौमाता की सेवा कर अपनी संस्कृति, परंपरा और संस्कारों के प्रति आस्था व्यक्त की।
राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के बावजूद अपने गांव और ग्रामीण जीवन से उनका जुड़ाव इस अवसर पर साफ दिखाई दिया। गृहग्राम में आम लोगों के बीच रहकर पारंपरिक तरीके से पूजा-अर्चना और गौसेवा करते हुए उन्होंने यह संदेश दिया कि जीवन में व्यक्ति चाहे कितनी भी ऊंचाई हासिल कर ले, उसे अपनी जड़ों, अपनी मिट्टी और पारिवारिक-सामाजिक संस्कारों को कभी नहीं भूलना चाहिए।
गौसेवा को बताया भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा
गोवर्धन पूजा के अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने कहा कि गौमाता की सेवा, संरक्षण और संवर्धन भारतीय संस्कृति एवं जीवन मूल्यों का अभिन्न अंग है। गौसेवा हमें करुणा, संवेदना और समर्पण की प्रेरणा देती है। हमारी परंपराएं केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज में सेवा, सद्भाव और आपसी जुड़ाव के संस्कारों को भी मजबूत करती हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में पर्व और त्योहारों का विशेष महत्व है। ये अवसर हमें अपनी परंपराओं से जुड़ने के साथ ही सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देते हैं।
देशवासियों को दी गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं
इस अवसर पर श्री साहू ने समस्त देशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दीं। साथ ही गौमाता की सेवा, संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने का संदेश दिया।
केंद्रीय राज्यमंत्री की गृहग्राम में इस पारंपरिक मौजूदगी ने एक बार फिर यह बात सामने रखी कि पद और प्रतिष्ठा के साथ व्यक्ति की जिम्मेदारियां जरूर बढ़ती हैं, लेकिन अपनी मिट्टी, अपने संस्कार और सेवा का भाव ही उसकी पहचान को बनाए रखते हैं।
