Latest news

लगातार बारिश से अलर्ट मोड में प्रशासन, कलेक्टर ने रद्द कीं सभी बैठकें; अफसरों को मैदान में उतरने के आदेश

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

बिलासपुर। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और कई इलाकों में तेजी से बढ़ते जलभराव के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने शुक्रवार की सभी निर्धारित बैठकें निरस्त कर अधिकारियों को फील्ड में रहकर हालात की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। जलभराव वाले क्षेत्रों में रेस्क्यू, सुरक्षित स्थानों पर लोगों को पहुंचाने और सड़कों, नदी-नालों की लगातार मॉनिटरिंग करने के आदेश जारी किए गए हैं।


जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने स्थिति की समीक्षा करते हुए शुक्रवार की सभी प्रशासनिक बैठकें निरस्त कर दीं और सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहकर राहत एवं निगरानी कार्य में जुटने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बताया कि जिले के विभिन्न हिस्सों से 3 से 4 फीट तक पानी भरने की सूचनाएं लगातार मिल रही हैं। ऐसे क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों का तत्काल रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।


नगर निगम और जनपद पंचायत के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर जलभराव और राहत कार्यों की निगरानी करने को कहा गया है। वहीं लोक निर्माण एवं अन्य संबंधित वर्क्स विभाग के अधिकारियों को सड़क मार्गों, नदी-नालों और पुल-पुलियों की स्थिति का निरीक्षण करने तथा पानी के बहाव का लगातार आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं।


कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिन स्थानों पर बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण अथवा अन्य स्थानीय व्यवस्थाओं की आवश्यकता हो, वहां तत्काल आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।
लगातार बारिश की संभावना को देखते हुए सभी अधिकारियों को जरूरतमंद लोगों के संपर्क में रहने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही जिले के सभी अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार संपर्क और समन्वय बनाए रखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों पर नजर रखने के लिए कहा गया है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।