Latest news

मूसलाधार बारिश के बीच 12वीं की पूरक परीक्षा पर उठे सवाल, शिक्षक फेडरेशन ने परीक्षा टालने की मांग की

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर। लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव के बीच कक्षा 12वीं की पूरक परीक्षा आयोजित किए जाने पर सवाल उठने लगे हैं। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन, जिला बिलासपुर ने माध्यमिक शिक्षा मंडल से परीक्षा तत्काल स्थगित कर नई तिथि घोषित करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि वर्तमान हालात में बड़ी संख्या में विद्यार्थी परीक्षा केंद्र तक सुरक्षित और समय पर नहीं पहुंच पाएंगे।
फेडरेशन के जिला अध्यक्ष सुनील कुमार पाण्डेय ने माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव को जिला कलेक्टर बिलासपुर के माध्यम से ज्ञापन भेजकर कहा है कि बीती रात से बिलासपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में लगातार तेज बारिश हो रही है। इसके कारण अनेक स्थानों पर जलभराव, सड़कें अवरुद्ध, पुल-पुलियों और नदी-नालों में उफान जैसी स्थिति बनी हुई है, जिससे आवागमन गंभीर रूप से प्रभावित हुआ है।
ज्ञापन में कहा गया है कि जिला प्रशासन भी विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर चुका है। ऐसे में आज आयोजित कक्षा 12वीं की पूरक परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए परीक्षा केंद्र तक सुरक्षित पहुंचना बड़ी चुनौती बन गया है।
फेडरेशन ने आशंका जताई है कि यदि परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की गई तो प्राकृतिक परिस्थितियों के कारण बड़ी संख्या में विद्यार्थी परीक्षा से वंचित रह सकते हैं। इससे उनके शैक्षणिक भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा और उन्हें समान अवसर नहीं मिल पाएगा।
संगठन ने माध्यमिक शिक्षा मंडल से आग्रह किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा, हित और समान अवसर के सिद्धांत को ध्यान में रखते हुए आज आयोजित कक्षा 12वीं की पूरक परीक्षा तत्काल स्थगित कर नई परीक्षा तिथि घोषित की जाए, ताकि कोई भी विद्यार्थी बारिश और बाढ़ जैसी परिस्थितियों के कारण अपने भविष्य से वंचित न रहे।
फेडरेशन की प्रमुख मांग
12वीं की आज प्रस्तावित पूरक परीक्षा तत्काल स्थगित की जाए।
मौसम सामान्य होने के बाद नई परीक्षा तिथि घोषित की जाए।
बारिश और जलभराव से प्रभावित विद्यार्थियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
प्राकृतिक आपदा जैसी परिस्थितियों में सभी परीक्षार्थियों को समान अवसर उपलब्ध कराया जाए।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।