Latest news

पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच की नई कार्यकारिणी आज लेगी शपथ, प्रवीण झा बने अध्यक्ष, सुधीर झा सचिव

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर। छठ घाट स्थित पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह रविवार, 21 जून को सायं 6:30 बजे आयोजित किया जाएगा। मंच की सामान्य सभा की बैठक में सर्वसम्मति से लिए गए निर्णय के अनुसार नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है, जिसमें प्रवीण झा को अध्यक्ष तथा सुधीर झा को सचिव नियुक्त किया गया है। नवगठित कार्यकारिणी का कार्यकाल आगामी तीन वर्षों के लिए निर्धारित किया गया है।

मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि सामान्य सभा की बैठक में संगठन के विस्तार, सांस्कृतिक गतिविधियों के संरक्षण और समाजहित के कार्यों को गति देने के उद्देश्य से नई कार्यकारिणी के गठन पर सहमति बनी थी। इसके बाद अध्यक्ष और सचिव के नेतृत्व में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसकी औपचारिक घोषणा एवं शपथ ग्रहण समारोह रविवार को आयोजित होगा।

छठ घाट परिसर में आयोजित होने वाले इस गरिमामय कार्यक्रम में नव नियुक्त पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। समारोह के दौरान नई कार्यकारिणी की संपूर्ण सूची की घोषणा भी की जाएगी। मंच के पदाधिकारियों का मानना है कि नई टीम संगठन को और अधिक सक्रिय, संगठित तथा प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

निमंत्रण पत्र के अनुसार समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, अध्यक्ष केंद्रीय जिला सहकारी बैंक बिलासपुर रजनीश सिंह तथा महापौर पूजा विधानी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति प्रस्तावित है।

पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच ने समाज के सभी प्रबुद्धजनों, सदस्यों एवं क्षेत्रवासियों को समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दिया है। मंच के अनुसार छठी मइया की असीम कृपा, समाजजनों के सहयोग और आशीर्वाद से नई कार्यकारिणी का गठन हुआ है, जो आने वाले तीन वर्षों में सांस्कृतिक, सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों के माध्यम से समाज के हित में कार्य करेगी।

कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक रात्रिभोज का भी आयोजन किया गया है। मंच के पदाधिकारियों ने इसे संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से उपस्थिति दर्ज कराने की अपील की है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।