Latest news

NH पर 1.22 करोड़ का गांजा पकड़ा: अर्टिगा कार से 245 किलो बरामद, MP का आरोपी गिरफ्तार

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read


कटघोरा से मरवाही होते हुए मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा था माल; रतनपुर पुलिस-ACCU की संयुक्त कार्रवाई
बिलासपुर, 17 अप्रैल 2026। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना रतनपुर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने नेशनल हाईवे पर एक अर्टिगा कार से 245 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजा की कीमत करीब 1 करोड़ 22 लाख रुपए आंकी गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जो मध्यप्रदेश का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल को सूचना मिली थी कि मारुति अर्टिगा कार (CG 04 QD 7255) में भारी मात्रा में गांजा कटघोरा की ओर से मरवाही मार्ग होते हुए मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना रतनपुर और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए कार्रवाई की योजना बनाई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कोटा नूपुर उपाध्याय के निर्देशन में टीम ने नेशनल हाईवे स्थित नवापारा चौक भेडी मुंडा के पास घेराबंदी की।
इस दौरान कटघोरा की ओर से आ रही संदिग्ध अर्टिगा कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने 245 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 1.22 करोड़ रुपए) के साथ परिवहन में प्रयुक्त वाहन मारुति अर्टिगा (कीमत लगभग 8 लाख रुपए) भी जब्त किया। कुल जब्ती करीब 1 करोड़ 30 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है।
मामले में आरोपी अमित कुमार केवट (33 वर्ष), निवासी भुतहीटोला थाना बुढार जिला शहडोल (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ थाना रतनपुर में नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन, निरीक्षक अनिल अग्रवाल, एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, उपनिरीक्षक कमलेश बंजारे, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली सहित अन्य पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस टीम द्वारा जब्त मादक पदार्थ और वाहन को कब्जे में लेकर प्रकरण की विवेचना जारी है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।