बिलासपुर। शहर के पावर हाउस से लालखदान ओवरब्रिज तक चल रहे सड़क मरम्मत और जल जीवन मिशन के पाइपलाइन कार्य ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। अव्यवस्थित खुदाई, अधूरे काम और धूल के गुबार के बीच नागरिकों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अभयनारायण राय ने आरोप लगाया है कि लोक निर्माण विभाग (PWD), नगर निगम के तोरवा जोन के अधिकारी और सड़क निर्माण ठेकेदार की लापरवाही के कारण हालात बिगड़ते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क के दोनों ओर एक साथ काम शुरू कर दिया गया, लेकिन उसे अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे पूरा इलाका धूल और मिट्टी से पट गया है।
राय ने बताया कि पिछले 72 घंटे से पावर हाउस से देवरीखुर्द चौक तक यातायात बार-बार बाधित हो रहा है। सबसे बड़ी बात यह है कि मौके पर केवल तोरवा पुलिस और यातायात विभाग के सिपाही ही व्यवस्था संभालते नजर आते हैं, जबकि जिम्मेदार अधिकारी और ठेकेदार गायब रहते हैं।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 48 घंटे के भीतर पीडब्ल्यूडी के एसडीओ, नगर निगम जोन के अधिकारी और ठेकेदार मौके पर आकर समस्या का समाधान नहीं करते, तो व्यापारियों और स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा। इसमें चक्का जाम जैसे कड़े कदम भी शामिल हो सकते हैं।
राय के अनुसार, इस संबंध में अधिकारियों को मौखिक रूप से सूचना दे दी गई है। अब यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो क्षेत्र में बड़ा जनआंदोलन खड़ा हो सकता है।

