Latest news

लग्जरी कार में घूमता ‘चेन स्नैचिंग सिंडिकेट’, 7 महिलाएं–1 पुरुष गिरफ्तार, देशभर में वारदातों का जाल

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

रायपुर, बिलासपुर ,छत्तीसगढ़।
भीड़भाड़ वाले बाजारों में मासूम लोगों को निशाना बनाकर सोने की चेन पार करने वाला एक अंतर्राज्यीय गिरोह आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। खास बात यह है कि यह गिरोह लग्जरी वाहन में देशभर में घूम-घूमकर वारदातों को अंजाम देता था और इसमें 7 महिलाएं व 1 पुरुष शामिल हैं—जो आपस में रिश्तेदार भी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने गिरोह के कब्जे से नगदी, सोने की चेन, कटर, मोबाइल फोन और एक इनोवा वाहन जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 11.30 लाख रुपए आंकी गई है।


भीड़ में ‘टारगेट’, सेकेंडों में साफ चेन
मामला 8 अप्रैल 2026 का है, जब डी.डी. नगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा बाजार में 66 वर्षीय निर्मला वर्मा की सोने की चेन चोरी हो गई। वे सब्जी खरीदने बाजार गई थीं और भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात चोर ने उनके गले से चेन पार कर दी।
प्रार्थी तरूणेन्द्र वर्मा की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी में कैद हुई ‘महिला गैंग’ की करतूत
पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट व डी.डी. नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।
घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर कुछ संदिग्ध महिलाएं पीड़िता के आसपास नजर आईं। फुटेज में साफ दिखा कि महिलाएं सुनियोजित तरीके से चेन निकाल रही हैं।
इसके बाद टीम ने फुटेज के आधार पर आरोपियों का पीछा किया और तकनीकी विश्लेषण के जरिए उनके मूवमेंट को ट्रैक किया।
भाठागांव बस स्टैंड के पास घेराबंदी, पूरा गिरोह दबोचा
पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध इनोवा वाहन भाठागांव बस स्टैंड के पास मौजूद है। 15 सदस्यीय टीम ने घेराबंदी कर वाहन को पकड़ा।
वाहन में 7 महिलाएं और 1 पुरुष सवार थे। पूछताछ में पहले तो आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने चेन चोरी की वारदात कबूल कर ली।
रायपुर में एक दर्जन वारदात, कई थानों में केस दर्ज
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने रायपुर शहर के सरस्वती नगर, खमतराई, कोतवाली, गोलबाजार और डी.डी. नगर क्षेत्रों में करीब एक दर्जन चेन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।
इन मामलों में पहले से ही विभिन्न थानों में अपराध दर्ज हैं, जिनमें सरस्वती नगर, कोतवाली और गोलबाजार थाना प्रमुख हैं।
गुजरात से छत्तीसगढ़ तक फैला नेटवर्क
गिरोह ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग शहरों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम देते रहे हैं।
चोरी की गई सोने की चेन बेचकर जो रकम मिली, उसी से आरोपियों ने लग्जरी इनोवा वाहन खरीदा, जिसका इस्तेमाल वे वारदातों के लिए करते थे।
क्या-क्या हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—
10,500 रुपए नगद
1 सोने की चेन
1 कटर (चेन काटने का औजार)
4 मोबाइल फोन
इनोवा वाहन (MP/09/BP/1064)
जब्त किया है। कुल कीमत लगभग 11.30 लाख रुपए बताई गई है।
आरोपी इंदौर और जलगांव के निवासी
गिरफ्तार सभी आरोपी मध्यप्रदेश के इंदौर और महाराष्ट्र के जलगांव के रहने वाले हैं। गिरोह के सभी सदस्य आपस में रिश्तेदार हैं और संगठित तरीके से वारदातों को अंजाम देते थे।
पुलिस की रणनीति से टूटा गिरोह
एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, सीसीटीवी विश्लेषण और तकनीकी ट्रैकिंग के जरिए इस अंतर्राज्यीय गिरोह को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।