Latest news

जंगल में कार रोककर लूट की कोशिश, चाकू दिखाकर धमकाया, 7 किमी पीछा कर गांव में घेरा; बेलगहना पुलिस ने घंटों में दबोचे आरोपी

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलगहना चौकी इलाके में सुनसान जंगल के बीच कार सवारों को रोककर लूट की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घातक हथियारों से लैस बदमाशों ने पहले रास्ता रोकने की कोशिश की, फिर 7 किलोमीटर तक पीछा कर गांव में घेर लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए लूट का प्रयास किया।


पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से धारदार चाकू और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
घटना: जंगल में अड़ाई बाइक, चाकू दिखाकर रोका रास्ता
घटना 1 अप्रैल 2026 की रात करीब 10:30 बजे की है। प्रार्थी हरिल साय टोप्पों (32) निवासी विचारपुर, अपने साथ निलिमा तिर्की और रामप्यारी तिर्की के साथ गनियारी से मरीज को अस्पताल में भर्ती कराकर कार से वापस लौट रहे थे।
बेलगहना-कोनचरा मार्ग पर नीलगिरी प्लांट के पास घने और सुनसान जंगल में बिना नंबर की मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उनकी कार के सामने बाइक अड़ाकर चाकू दिखाते हुए रास्ता रोकने की कोशिश की।
स्थिति भांपते हुए चालक ने कार को साइड से निकालकर तेजी से आगे बढ़ा लिया।
7 किलोमीटर तक पीछा, गांव में फिर घेरकर दी धमकी
बदमाश यहीं नहीं रुके। उन्होंने कार का करीब 7 किलोमीटर तक पीछा किया और ग्राम विचारपुर में वाहन को रोक लिया। यहां आरोपियों ने कार सवारों को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और लूट का प्रयास करने लगे।
इसी दौरान गांव के कुछ लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे आरोपी घबरा गए और भाग निकले। भागते समय आरोपी अपनी बिना नंबर की मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गए।
अगले दिन दर्ज हुई रिपोर्ट, पुलिस हरकत में आई
घटना के बाद रात अधिक होने और भय के कारण पीड़ितों ने तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। 2 अप्रैल 2026 को हरिल साय टोप्पों की रिपोर्ट पर बेलगहना पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को दी गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और अनुविभागीय पुलिस अधिकारी नुपुर उपाध्याय के निर्देशन में टीम गठित की गई।
घंटों में गिरफ्तारी, चाकू और बाइक जब्त
चौकी प्रभारी हेमंत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने जुर्म कबूल कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
सिद्धांत पाण्डेय उर्फ राज पाण्डेय (20), निवासी गंगानगर बेलगहना
राजकुमार पोर्ते उर्फ सोनू (20), निवासी करवा बेलगहना
जप्ती:
बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल
एक खंजरनुमा धारदार चाकू
एक स्टील का फोल्डिंग चाकू
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सिद्धांत पाण्डेय का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह दुष्कर्म, पॉक्सो और आर्म्स एक्ट जैसे मामलों में आरोपी रह चुका है।
ग्रामवासियों की सतर्कता से टली बड़ी वारदात
घटना के दौरान ग्रामवासियों के मौके पर पहुंचने से आरोपी लूट की वारदात को अंजाम नहीं दे सके और भाग खड़े हुए। इस दौरान ग्रामीणों की भूमिका महत्वपूर्ण रही।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 351(3), 312, 126(2), 3(5) बीएनएस और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
पूरे मामले की कार्रवाई में चौकी बेलगहना स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही, जिसमें उप निरीक्षक हेमंत सिंह, सहायक उप निरीक्षक मोतीलाल सूर्यवंशी, अंकित जायवाल, धीरज जायसवाल, ईश्वर नेताम और कौशल बिंझवार शामिल रहे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।