
शहर कांग्रेस कमेटी बिलासपुर के अध्यक्ष सिधांशु मिश्रा और ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री की संयुक्त प्रेस वार्ता
बिलासपुर। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री और शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सिधांशु मिश्रा ने संयुक्त पत्रवार्ता में केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के आर्थिक कुप्रबंधन और कूटनीतिक विफलता के चलते देश में महंगाई बेलगाम हो गई है और आम आदमी का जीवन स्तर लगातार गिर रहा है।
पत्रवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मोदी सरकार ने एक बार फिर कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 195 रुपए की बढ़ोतरी कर दी है। इससे पहले पिछले तीन महीनों में ही कमर्शियल गैस के दाम में 525 रुपए की वृद्धि हो चुकी है। वहीं, हाल ही में घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में भी 62 रुपए की बढ़ोतरी की गई है, जिससे रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। प्रेस वार्ता में शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता विजय पांडे, रामशरण यादव, प्रमोद नायक भी मौजूद थे।
पेट्रोल-डीजल और हवाई यात्रा भी महंगी
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटाने का प्रचार किया गया, लेकिन वास्तविकता इसके उलट है। अलग-अलग राज्यों में पेट्रोल की कीमतों में एक रुपए से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि नायरा के पेट्रोल पंप पर यह बढ़ोतरी चार रुपए तक पहुंच गई है।
एवीएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में वृद्धि से हवाई यात्रा भी महंगी हो गई है, जिससे आम यात्रियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है।
रसोई से बाजार तक महंगाई की मार
पत्रवार्ता में बताया गया कि खाद्य तेल, मावा, राशन सामग्री और दूध जैसे दैनिक उपभोग के सभी जरूरी सामानों के दाम बेतहाशा बढ़ गए हैं। खाद्य तेल जो कभी 70 रुपए प्रति लीटर तक पहुंचने में दशकों लगते थे, वह अब 200 रुपए प्रति लीटर के पार जा चुका है।
घरेलू गैस सिलेंडर, जिसे कभी 400 रुपए में महंगा बताया जाता था, अब 900 से 1000 रुपए तक पहुंच चुका है। कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 1580 रुपए से बढ़कर 1691 रुपए हो गए हैं।
“भाजपा सरकार को जनता से नहीं, पूंजीपतियों से सरोकार”
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकारों को आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। देश के संसाधनों को पूंजीपति मित्रों के पक्ष में सौंपा जा रहा है, जबकि आम जनता महंगाई के बीच परिवार चलाने के लिए संघर्ष कर रही है।
मनरेगा पर भी उठाए सवाल
उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार ने मनरेगा के तहत रोजगार की कानूनी गारंटी दी थी, लेकिन नरेंद्र मोदी सरकार ने इसे केवल एक योजना बनाकर गरीबों के रोजगार के अधिकार को कमजोर कर दिया है।
उनका कहना था कि आम जनता की आय लगातार घट रही है, जबकि आर्थिक असमानता तेजी से बढ़ रही है।
रेलवे, शिक्षा और बैंकिंग सेवाओं पर भी बोझ
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि रेलवे टिकट से लेकर स्कूल-कॉलेज की फीस तक कई गुना बढ़ चुकी है। बैंकिंग सेवाओं पर विभिन्न प्रकार के शुल्क लगाकर आम खाताधारकों से वसूली की जा रही है, जिससे लोगों की आर्थिक स्थिति और खराब हो रही है।
“महंगाई भाजपा निर्मित आपदा”
पत्रवार्ता में कांग्रेस ने महंगाई को “भाजपा निर्मित आपदा” करार देते हुए कहा कि पेट्रोल-डीजल से लेकर दैनिक जरूरत की वस्तुओं तक कीमतों में अप्रत्याशित वृद्धि ने आम जनता का पूरा बजट बिगाड़ दिया है।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सरकार की नीतियों के कारण देश में आर्थिक असंतुलन बढ़ रहा है और आम आदमी के लिए जीवन यापन दिन-ब-दिन मुश्किल होता जा रहा है।

