बिलासपुर। घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ बिलासपुर में कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। जिला कांग्रेस कमेटी शहर और ग्रामीण इकाई के नेतृत्व में नेहरू चौक पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जुटे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
नेहरू चौक में जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता, महंगाई के खिलाफ नारेबाजी
रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर अब सियासत तेज हो गई है। बिलासपुर में जिला कांग्रेस कमेटी शहर और ग्रामीण इकाई के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नेहरू चौक में जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेने की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी ने घर का बजट बिगाड़ दिया है।
घरेलू सिलेंडर में 60 और कमर्शियल में 115 रुपये की बढ़ोतरी
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये और कमर्शियल गैस सिलेंडर में 115 रुपये की बढ़ोतरी की है।
नेताओं का कहना था कि रसोई गैस हर घर की बुनियादी जरूरत है। कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है और परिवारों की रसोई का बजट लगातार प्रभावित हो रहा है।
कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
प्रदर्शन के दौरान कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, पूर्व विधायक शैलेश पांडे, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा, कांग्रेस नेता अमित यादव (तीसरा), पार्षद दिलीप पाटिल सहित शहर और ग्रामीण कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सभी नेताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों को महंगाई बढ़ाने वाला बताते हुए गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की।
पुलिस की मौजूदगी में प्रतीकात्मक पुतला दहन
प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी बड़ी संख्या में मौके पर तैनात रहा। पुलिस की मौजूदगी के कारण कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुतला दहन का पूरा मौका नहीं मिल पाया, लेकिन इसके बावजूद कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से पुतला जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
कीमतें वापस नहीं हुईं तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतें वापस नहीं ली गईं तो पार्टी आगे भी चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेगी और जनता की आवाज को सड़कों से लेकर सदन तक उठाएगी।
क्या कहा सुनिए
सुधांशु मिश्रा (जिलाध्यक्ष, शहर कांग्रेस):
“रसोई गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम जनता परेशान है। घरेलू सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपये की वृद्धि सीधे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर बोझ डाल रही है। कांग्रेस पार्टी इस महंगाई के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाती रहेगी।”
महेंद्र गंगोत्री (जिलाध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण):
“केंद्र सरकार की नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है। रसोई गैस हर घर की जरूरत है और इसकी कीमतों में बढ़ोतरी से आम लोगों का बजट बिगड़ गया है। कांग्रेस पार्टी इस फैसले का विरोध करती है और बढ़ी हुई कीमतों को तुरंत वापस लेने की मांग करती है।”

