Latest news

कलेक्टोरेट के बाबू से जमीन सौदे में 13 लाख की वसूली, न रजिस्ट्री हुई न रकम लौटी

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

एग्रीमेंट रद्द कर फर्जी चेक थमाने का आरोप, सकरी थाने में दर्ज कराई शिकायत

बिलासपुर

जमीन बेचने के नाम पर एफएम ग्रुप के डायरेक्टर पर कलेक्टोरेट कार्यालय में पदस्थ एक क्लर्क से 13 लाख से अधिक की रकम हड़पने का आरोप लगा है। रकम लेने के बावजूद न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई गई और न ही भुगतान लौटाया गया। एग्रीमेंट रद्द होने के बाद पीड़ित को फर्जी चेक सौंपने का भी आरोप है। मामले में पीड़ित ने सकरी थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।

उसलापुर के साईं नगर निवासी रविकांत शर्मा कलेक्टर कार्यालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत अमेरी पटवारी हल्का नंबर की एक जमीन देखी थी, जिसे खरीदने के लिए उन्होंने सहमति जताई। उन्हें बताया गया कि जमीन एफएम ग्रुप के नाम पर रजिस्टर्ड है और इसके संचालक मुर्तजा हुसैन हैं। इसी आधार पर 940 वर्गफुट जमीन खरीदने के लिए रविकांत शर्मा ने सोहेल मुर्तजा के साथ एग्रीमेंट किया।

रविकांत शर्मा ने अपनी पत्नी सरस्वती शर्मा के नाम पर जमीन खरीदने के लिए यह एग्रीमेंट किया था। शिकायत के अनुसार, 18 अक्टूबर 2023 को उन्होंने पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपए नकद दिए। इसके बाद कैश और चेक के माध्यम से किश्तों में सोहेल मुर्तजा को कुल 13 लाख 50 हजार रुपए का भुगतान किया गया। शेष 2 लाख 75 हजार रुपए जमीन की रजिस्ट्री के समय दिसंबर 2023 तक देने की बात तय हुई थी।

एग्रीमेंट में सोहेल मुर्तजा के साथ वसामा आसमी, नंदन साहू और मोहम्मद अनीस कादरी भी सहभागी बताए गए हैं। आरोप है कि पूरी रकम लेने के बावजूद न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई गई और न ही भुगतान की गई राशि लौटाई गई। रविकांत शर्मा के अनुसार, बाद में सभी आरोपियों ने आपसी सहमति से एग्रीमेंट कैंसिल कर दिया और पैसे लौटाने के नाम पर उन्हें लगातार टालते रहे।

शिकायत में यह भी उल्लेख है कि अंततः सोहेल मुर्तजा के माध्यम से एफएम ग्रुप के मालिक मुर्तजा हुसैन ने 5 लाख 50 हजार रुपए का चेक दिया और शेष 8 लाख 50 हजार रुपए जल्द लौटाने का भरोसा दिलाया। लेकिन दिया गया चेक बाउंस हो गया। इसके बाद हर माह एक लाख रुपए लौटाने का आश्वासन दिया गया, जिससे बाद में मुकर गए।

लंबे समय तक राशि नहीं मिलने और बार-बार आश्वासन टूटने से परेशान होकर रविकांत शर्मा ने पूरे मामले की शिकायत सकरी थाने में दर्ज कराई है। पुलिस शिकायत के आधार पर प्रकरण की जांच कर रही है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।