Latest news

बीएनआई व्यापार एवं उद्योग मेले का भव्य समापन, कैंसर सर्वाइवर व किन्नरों का हुआ सम्मान

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित बीएनआई व्यापार एवं उद्योग मेले का मंगलवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में सामाजिक समावेशन, उद्यम, युवा सहभागिता और विकास के संदेश के साथ कैंसर सर्वाइवर एवं किन्नर समुदाय के प्रतिभावान लोगों को मंच पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, उद्योग जगत, सामाजिक संगठनों और सांस्कृतिक संस्थाओं की उल्लेखनीय मौजूदगी रही।
बिलासपुर। साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित बीएनआई व्यापार एवं उद्योग मेले के समापन समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि बीएनआई व्यापार एवं उद्योग मेला अब हर प्रकार के विकास का सशक्त मंच बन चुका है। उन्होंने मेले के माध्यम से व्यापार, उद्योग, नवाचार और सामाजिक सरोकारों को एक साथ जोड़ने के प्रयास की सराहना की।

विधायक अमर अग्रवाल ने कार्यक्रम में घोषणा की कि आने वाले वर्षों में इस आयोजन को और अधिक व्यापक स्वरूप देने के उद्देश्य से साइंस कॉलेज मैदान में 800 सीटर आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण किया जाएगा। विशिष्ट अतिथि भूपेंद्र सवन्त्री ने युवाओं, स्टार्टअप्स, रोजगार, विज्ञान और पर्यावरण जैसे विषयों को एक मंच पर लाने की पहल को महत्वपूर्ण बताया।

बीएनआई अध्यक्ष डॉ. किरण पाल सिंह चावला ने मेले की सफलता पर सभी सहयोगियों, सहभागियों और शहरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में बीएनआई व्यापार एवं उद्योग मेले को ग्वालियर मेला की तर्ज पर आयोजित करने का लक्ष्य रखा गया है।

समापन समारोह में सीएमडी हरीश दुहन, वंदे मातरम मित्र मंडल के प्रदेश संयोजक महेंद्र जैन, समाजसेवी प्रवीण झा, अपोलो हॉस्पिटल के सीईओ अभय कुमार गुप्ता, कैट के राष्ट्रीय के पूर्व अध्यक्ष शरद सक्सेना, मेला संयोजक गणेश अग्रवाल, डॉ. सचिन यादव, एड प्रयास के डायरेक्टर विनोद पांडेय सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान अपोलो अस्पताल के कैंसर सर्वाइवर एवं किन्नर समुदाय के लोगों का सम्मान किया गया। तृतीय लिंग अध्यक्ष विजय अरोरा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ की पहली ट्रांसजेंडर एलिना जेकब, मेकअप आर्टिस्ट नीरा, मेंहदी आर्टिस्ट एवं प्रशिक्षक लाली, शिक्षक संदीप, चित्रकार व मूर्तिकार पिंटू, राज्य के प्रथम तृतीय लिंग पुलिसकर्मी रहे सुनील कुमार, नृत्य कलाकार सोहम तथा समाजसेवी अजय को भी सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह में आर्ट ऑफ लिविंग एवं इस्कॉन द्वारा आध्यात्मिक सत्संग के अंतर्गत भजनों की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर रिंकी अरोरा एवं संस्था सम्मान संकल्प की भी सहभागिता रही।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।