ड्रग्स, अवैध शराब और तंबाकू के नेटवर्क पर एक साथ वार, सप्लाई चेन की एंड-टू-एंड जांच शुरू


बिलासपुर (छत्तीसगढ़)।
जिले को नशामुक्त बनाने के संकल्प के तहत बिलासपुर पुलिस ने पिछले पांच दिनों में विशेष अभियान चलाते हुए नशे के अवैध कारोबार पर बड़ा प्रहार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में मिशन मोड पर कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों, शराब और तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार दबिश, जांच और घेराबंदी की गई।
इस अभियान की खास बात यह रही कि पुलिस ने केवल चिल्हर विक्रेताओं तक सीमित न रहकर पूरे सप्लाई नेटवर्क को निशाने पर लिया। नशे के कारोबार में शामिल स्रोत से लेकर अंतिम विक्रेता तक की एंड-टू-एंड जांच शुरू की गई, ताकि मुख्य सप्लायरों तक पहुंच बनाई जा सके।
एनडीपीएस एक्ट: 6 प्रकरण, टैबलेट से लेकर गांजा तक जब्त
एनडीपीएस एक्ट के तहत पिछले पांच दिनों में कुल 06 प्रकरणों में कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस ने
1300 नग नशीली टैबलेट,
400 एमएल एविल इंजेक्शन,
02 किलोग्राम गांजा
जप्त किया है।
आबकारी अधिनियम: अवैध शराब पर सख्ती
अवैध शराब के विरुद्ध की गई कार्रवाई में
09 प्रकरणों में 124 पाव देशी शराब,
06 प्रकरणों में 254 लीटर महुआ शराब
जप्त की गई।
COTPA Act: तंबाकू उत्पादों पर कार्रवाई
तंबाकू एवं नशे में प्रयुक्त सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के लिए COTPA Act के अंतर्गत 20 प्रकरणों में कार्रवाई की गई, जिसमें 500 नग गोगो जप्त किए गए।
प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
नशे से जुड़ी सामग्री के विक्रय और गतिविधियों में संलिप्त पाए गए 40 व्यक्तियों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170 के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
कुल 55 लोगों पर कार्रवाई
इस तरह से बीते 5 दिनों में नशे का अवैध कारोबार करने वाले कुल 55 लोगों को बिलासपुर पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर या उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। जिलेभर में चलाया गया यह विशेष अभियान लगातार दबाव बनाए हुए है, जिसमें ड्रग्स, अवैध शराब और तंबाकू के नेटवर्क को एक साथ निशाने पर लिया गया।



