भूमि विवाद और अंबेडकर प्रतिमा को लेकर बने तनाव का शांतिपूर्ण समाधान, दोनों पक्षों ने स्वीकार किया प्रस्ताव
बिलासपुर।
थाना कोनी क्षेत्रांतर्गत ग्राम रामतला में लंबे समय से दो समुदायों—सूर्यवंशी सतनामी एवं अन्य समुदाय—के बीच भूमि विवाद और पंचायत स्तर पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना को लेकर मतभेद की स्थिति बनी हुई थी। इस कारण गांव में सामाजिक तनाव व्याप्त था और शांति भंग होने की आशंका बनी हुई थी। आपसी अविश्वास और तनाव के चलते स्थिति को संवेदनशील माना जा रहा था।



वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हुई शांति बैठक
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, आईपीएस के निर्देश पर सीएसपी सिटी कोतवाली गगन कुमार, आईपीएस एवं थाना कोनी पुलिस द्वारा त्वरित पहल की गई। इसी क्रम में 30 जनवरी 2026 को दोनों पक्षों के बीच शांति बैठक आयोजित की गई।
बैठक में दोनों समुदायों के प्रमुख नागरिक, पंच-प्रतिनिधि एवं सम्मानित ग्रामीणों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई, जिससे बातचीत व्यापक और प्रतिनिधिक रूप ले सके।
पुलिस ने धैर्यपूर्वक सुनी दोनों पक्षों की बात
शांति बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बातें गंभीरता और धैर्यपूर्वक सुनीं। भूमि विवाद और प्रतिमा स्थापना से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। पारस्परिक संवाद के बाद पुलिस की ओर से एक संतुलित और सर्वमान्य समाधान प्रस्तुत किया गया।
इस समाधान को दोनों पक्षों ने सहमति के साथ स्वीकार किया। मौके पर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई भी की गई, जिससे निर्णय को औपचारिक रूप प्रदान किया जा सके।
संवाद से समाप्त हुआ लंबे समय का तनाव
पुलिस की मध्यस्थता, समझाइश और आपसी सहमति के परिणामस्वरूप ग्राम रामतला में लंबे समय से चला आ रहा विवाद शांतिपूर्ण संवाद के माध्यम से समाप्त हुआ। गांव में पुनः सामाजिक सौहार्द और शांति का माहौल बना।
कानून व्यवस्था और सामाजिक समरसता पर फोकस
थाना कोनी पुलिस द्वारा क्षेत्र में शांति, कानून व्यवस्था और सामाजिक समरसता बनाए रखने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने भी संवाद के माध्यम से समाधान को प्राथमिकता देते हुए आपसी सहयोग का परिचय दिया।



