बिलासपुर।
सेवा भाव, सामाजिक जिम्मेदारी, धर्म और संस्कृति से युवाओं को जोड़ने के उद्देश्य के साथ दृष्टि यूथ फाउंडेशन ने एक छोटे से प्रयास के रूप में जो शुरुआत की थी, वह आज निरंतर समाज सेवा का मजबूत उदाहरण बनती जा रही है। युवाओं द्वारा संचालित यह संस्था बीते छह महीनों से जरूरतमंदों के लिए निस्वार्थ सेवा कार्य में जुटी हुई है और मानवीय मूल्यों को व्यवहार में उतार रही है।
दृष्टि यूथ फाउंडेशन द्वारा बिलासपुर रेलवे जंक्शन के बाहर विगत छह माह से प्रति सप्ताह मंगलवार और शनिवार को नियमित रूप से निशुल्क भोजन वितरण किया जा रहा है। इस सेवा के अंतर्गत हर सप्ताह लगभग 450 से 500 जरूरतमंद लोगों को स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन परोसा जाता है। भोजन वितरण का संपूर्ण कार्य स्वयं फाउंडेशन से जुड़े युवाओं द्वारा किया जाता है।
निशुल्क भोजन सेवा में दाल, चावल, सब्जी एवं मिष्ठान शामिल रहता है, जिसे पूरी स्वच्छता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए तैयार किया जाता है। फाउंडेशन के सेवक प्रेम, संवेदनशीलता और सेवा भाव के साथ जरूरतमंदों तक पहुंचकर भोजन वितरण करते हैं। यह सेवा कार्य बीते छह महीनों से बिना किसी व्यवधान के निरंतर जारी है।
दृष्टि यूथ फाउंडेशन के विपुल अग्रवाल एवं अनुराग तिवारी ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य आज की युवा पीढ़ी को सकारात्मक दिशा प्रदान करना है, ताकि वे धर्म, संस्कृति और सामाजिक सेवा से जुड़कर अपने दायित्व और कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवा वर्ग कई बार भटकाव और गलत गतिविधियों का शिकार हो जाता है, ऐसे में सेवा भाव और समाजहित के कार्यों से युवाओं को जोड़ना अत्यंत आवश्यक है।
फाउंडेशन से जुड़े युवा अपने पॉकेट मनी से एकत्रित राशि के माध्यम से सेवा कार्यों की शुरुआत कर समाज सेवा के प्रयासों को आगे बढ़ा रहे हैं। दृष्टि यूथ फाउंडेशन का मूल मंत्र “वॉयस फॉर वॉइसलेस” है। इसी विचारधारा के तहत संस्था न केवल जरूरतमंद लोगों के लिए भोजन वितरण कर रही है, बल्कि आने वाले समय में पशु-पक्षी कल्याण एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में भी कार्य करने के उद्देश्य से पहल कर रही है।
संस्था का मानना है कि यदि युवा शक्ति को सेवा, करुणा और मानवता से जोड़ा जाए, तो समाज में सकारात्मक और बेहतर वातावरण का निर्माण संभव है। भोजन वितरण सेवा में विपुल अग्रवाल, अनुराग तिवारी, पूरब गुप्ता, शौर्य तिवारी, ईशान अग्रवाल, आर्यन अग्रवाल, आरव राय, निखिल सोनी, विवेक सोनी, अभिषेक अग्रवाल, मानस अरमो एवं आदित्य सक्रिय रूप से सहभागिता निभा रहे हैं।



