




बिलासपुर।
छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन बिलासपुर इकाई ने शिक्षक संवर्ग से जुड़ी ज्वलंत और लंबित मांगों को लेकर एकजुट होकर प्रशासन का दरवाजा खटखटाया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर श्री अभिषेक दीवान एवं जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में सहायक संचालक श्री पी. दासरथी के माध्यम से प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, वित्त मंत्री, मुख्य सचिव, शिक्षा सचिव तथा लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक के नाम विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपते समय प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से रखा। ज्ञापन को स्वीकार करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि इसे संबंधित विभागों एवं शीर्ष स्तर तक प्रेषित किया जाएगा।
ज्ञापन में शामिल प्रमुख मांगें
माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर में रमेश चंद्रवंशी के WPS/2255/2021 एवं अन्य याचिकाओं में पारित निर्णय दिनांक 23-01-2026 के अनुसार पूर्व सेवा की गणना करते हुए संविलियन पूर्व सेवा को पेंशन योग्य सेवा मान्य करने संबंधी आदेश जारी किया जाए।
केंद्र सरकार के समान 33 वर्ष के बजाय 20 वर्ष की अर्हकारी सेवा पर पूर्ण पुरानी पेंशन अर्थात 50 प्रतिशत पेंशन का प्रावधान किया जाए।
दस वर्ष के स्थान पर पांच वर्ष की सेवा में न्यूनतम पुरानी पेंशन का प्रावधान लागू किया जाए।
पदोन्नति से वंचित सहायक शिक्षक एवं शिक्षकों को दस वर्ष की सेवा की शर्त में एक बार शिथिलता (वन टाइम रिलेक्सेशन) देते हुए पांच वर्ष में क्रमोन्नति प्रदान की जाए।
टेट की अनिवार्यता समाप्त करने के लिए हस्तक्षेप याचिका दायर करते हुए शिक्षा विभाग द्वारा विभागीय सीमित परीक्षा आयोजित कर शिक्षकों के हितों की रक्षा की जाए।
डीएड योग्यताधारी शिक्षकों के लिए छह माह का बीएड ब्रिज कोर्स प्रारंभ किया जाए।
मोबाइल वीएसके एप के स्थान पर बायोमेट्रिक मशीन के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था की जाए।
कौन-कौन रहे उपस्थित
ज्ञापन सौंपने के दौरान छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा, प्रदेश सचिव मनोज सनाढ्य, बिलासपुर जिलाध्यक्ष संतोष सिंह के साथ नर्मदा प्रसाद गढ़ेवाल, मोनिस कौशिक, जय कौशिक, बांकेबिहारी दुबे, आशीष गुप्ता, कौशल तिवारी, प्रमोद शर्मा, अरविंद पांडेय, निर्मल कौशिक, राजेश पांडे, मनीराम कौशिक, आदित्य पांडे, आलोक पांडेय, मनोज यादव, अब्दुल गफ्फार खान, राजेश मिश्रा, हेमंत शर्मा, विनय तिवारी, अजय सिंह, सत्यनारायण तिवारी, भास्कर पुडके, सत्यवान विश्वकर्मा, निरज सिंह क्षत्रिय सहित बड़ी संख्या में शिक्षक प्रतिनिधि मौजूद रहे।
ज्ञापन पर जिलाध्यक्ष संतोष सिंह एवं जिला सचिव जय कौशिक के हस्ताक्षर के साथ इसे विधिवत प्रस्तुत किया गया।



