बिलासपुर ,रायपुर।

छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित मेंस अंडर-19 एलीट ग्रुप इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट प्रतियोगिता 2026-27 में बिलासपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। कांकेर के मैदान में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में बिलासपुर ने रायपुर को बेहद करीबी संघर्ष में 8 रनों से पराजित किया। इस जीत के हीरो रहे धनंजय नायक, जिन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से निर्णायक योगदान दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी, बिलासपुर 157 पर सिमटा
सेमीफाइनल मुकाबले में बिलासपुर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहली पारी में टीम 47.2 ओवर में 157 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
बिलासपुर की ओर से धनंजय नायक ने 48 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि शैवाल सरकार ने 32 रन का योगदान दिया।
रायपुर की ओर से गेंदबाजी में मानस मूलचंदानी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट हासिल किए।
रायपुर की पहली पारी में बढ़त, वेदांश खेड़िया का शतक
जवाब में रायपुर की टीम ने अपनी पहली पारी में 97 ओवर में 240 रन बनाए और 83 रनों की बढ़त हासिल कर ली।
रायपुर की ओर से वेदांश खेड़िया ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 107 रन की शतकीय पारी खेली। उनके अलावा यथार्थ सिंह ने 32 रन बनाए।
बिलासपुर की गेंदबाजी में धनंजय नायक ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके, जबकि श्रीसंत खरे को 3 विकेट मिले।
दूसरी पारी में बिलासपुर की वापसी, 216 रन बनाए
पहली पारी की बढ़त के बाद बिलासपुर ने दूसरी पारी में संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी की और 67.2 ओवर में 216 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
इस पारी में शैवाल सरकार ने 35 रन और धनंजय नायक ने 32 रन का अहम योगदान दिया।
रायपुर की ओर से गेंदबाजी में सिद्धांत गोयल ने 4 विकेट, जबकि जय प्रकाश पांडे ने 3 विकेट प्राप्त किए।
इस तरह रायपुर को जीत के लिए 134 रनों का लक्ष्य मिला।
लक्ष्य का पीछा करते हुए रायपुर 125 पर ढेर
134 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रायपुर की टीम बिलासपुर के घातक गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 49.3 ओवर में 125 रन पर पूरी टीम ऑलआउट हो गई।
रायपुर की ओर से मानस मूलचंदानी ने 31 रन और अमय मोरे ने 23 रन बनाए।
बिलासपुर की ओर से गेंदबाजी में धनंजय नायक और अयान उपाध्याय ने तीन-तीन विकेट, जबकि सक्षम चौबे ने 2 विकेट हासिल किए।
8 रन से जीत, 27 जनवरी को फाइनल
इस तरह बिलासपुर ने रायपुर को 8 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 27 जनवरी को खेला जाएगा।
इस पूरे मुकाबले की जानकारी क्रिकेट संघ बिलासपुर के सचिव देवेंद्र सिंह द्वारा दी गई।
धनंजय नायक के इस ऑलराउंड प्रदर्शन ने बिलासपुर की जीत की नींव रखी और टीम को खिताबी मुकाबले तक पहुंचा दिया।



