Latest news

प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर: मोटरसायकल से घूम-घूमकर ठगी करने वाले शातिर गिरोह के तीन आरोपी गिरफ्तार

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

बिलासपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि स्वीकृत कराने का झांसा देकर जरूरतमंद लोगों से नगद रकम और सोने-चांदी के जेवरात अमानत के रूप में लेकर धोखाधड़ी करने वाले शातिर ठगों के गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक जैसी ठगी की चार घटनाओं को अंजाम देने वाले इस गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोटरसायकल, नगद रकम और ढाई लाख से अधिक कीमत के जेवरात जप्त किए गए हैं। आरोपी मोटरसायकल बदल-बदलकर अलग-अलग इलाकों में पहुंचते थे और योजना निरस्त हो जाने का डर दिखाकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे।
चार अलग-अलग अपराध, एक ही तरीका
इस मामले में थाना सिविल लाइन एवं थाना कोतवाली क्षेत्र में दर्ज निम्न अपराध सामने आए—
अप.क्र. 99/2024 – धारा 420, 34 भादवि
अप.क्र. 1527/2025 – धारा 318(4), 3(5) बीएनएस
अप.क्र. 14/2026 – धारा 318(4), 3(5) बीएनएस
थाना कोतवाली अप.क्र. 440/2024 – धारा 318(4), 3(5) बीएनएस
इन सभी मामलों में ठगी का तरीका एक जैसा पाया गया, जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि जल्द दिलाने का लालच देकर पीड़ितों से अमानत के तौर पर नगद या जेवरात लिए गए।
ऐसे दिया जाता था ठगी को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी योजना स्वीकृत कराने का भरोसा दिलाते थे और बाद में यह कहकर दबाव बनाते थे कि यदि तुरंत अमानत नहीं दी गई तो योजना निरस्त हो जाएगी। अधिक लाभ और जल्द राशि मिलने का झांसा देकर वे पीड़ितों से नगद रकम या सोने-चांदी के जेवरात जमा करा लेते थे। इसके बाद आरोपी क्षेत्र बदलकर अगली वारदात को अंजाम देते थे।
सीसीटीवी फुटेज से खुली परतें
लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी सिविल लाइन द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही थी। विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें हर घटना में दो व्यक्ति पैशन प्रो मोटरसायकल क्रमांक CG-10-BY-9201 से आते-जाते दिखाई दिए।
फुटेज और पीड़ितों द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर दीनदयाल कॉलोनी क्षेत्र के संदिग्धों को चिन्हित किया गया।
पूछताछ में कबूलनामे
संदेह के आधार पर रामप्रसाद यादव और जितेन्द्र यादव को थाना तलब कर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान दोनों ने जानकी भट्ट, उषा साहू, अगमदास टंडन एवं शांति बाई यादव से प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करना स्वीकार किया।
जप्ती और तीसरे आरोपी की भूमिका
आरोपियों के कब्जे से—
पैशन प्रो मोटरसायकल CG-10-BY-9201
नगद ₹ 4,500/-
सोने-चांदी के जेवरात, कुल कीमत ₹ 2,56,000/-
बरामद किए गए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ठगी से प्राप्त जेवरात को गनियारी निवासी कन्हैया सोनी के पास गिरवी रखा गया था। इसके बाद कन्हैया सोनी को भी थाना तलब कर विधिवत पूछताछ की गई।
गिरफ्तार आरोपी
रामप्रसाद यादव, पिता अंजोरीलाल यादव, उम्र 65 वर्ष, निवासी पोड़ी, थाना सकरी, जिला बिलासपुर
जितेन्द्र यादव, पिता स्व. अजीत यादव, उम्र 38 वर्ष, निवासी ढनढन, थाना तखतपुर, जिला बिलासपुर, हाल मुकाम एलआईजी-4, दीनदयाल कॉलोनी, मंगला, बिलासपुर
कन्हैया सोनी, पिता पुरुषोत्तम सोनी, उम्र 45 वर्ष, निवासी सोनी मोहल्ला, तखतपुर, जिला बिलासपुर
तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने की प्रक्रिया की जा रही है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।