Latest news

घटिया पैच रिपेयर पर PWD का सख्त प्रहार, उप अभियंता निलंबित

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

रायपुर, 22 दिसंबर।
लोक निर्माण विभाग ने राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-43 पर कराए गए घटिया बी.टी. पैच रिपेयर कार्य को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। अंबिकापुर शहरी क्षेत्र में सामने आई गंभीर अनियमितताओं के बाद विभाग ने उप अभियंता नवीन सिन्हा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई गुणवत्ताहीन निर्माण कार्यों पर सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का सीधा संकेत मानी जा रही है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के अंबिकापुर शहरी हिस्से में कराए गए बी.टी. पैच रिपेयर कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने के बाद जांच तेज हुई। लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय राजमार्ग मंडल, बिलासपुर के अधीक्षण अभियंता ने मौके की स्थिति का निरीक्षण कर प्रतिवेदन और तस्वीरें तैयार कीं, जिन्हें राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र, रायपुर के मुख्य अभियंता को भेजा गया।
जांच रिपोर्ट में कार्य की गुणवत्ता को मानकों के विपरीत पाया गया। इसके बाद मुख्य अभियंता ने जिम्मेदार अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव प्रमुख अभियंता कार्यालय को भेजा। प्रस्ताव पर संज्ञान लेते हुए विभाग ने राष्ट्रीय राजमार्ग संभाग, अंबिकापुर के कार्यपालन अभियंता कार्यालय में पदस्थ उप अभियंता नवीन सिन्हा को दोषी मानते हुए तत्काल निलंबन का आदेश जारी कर दिया।
निलंबन अवधि के दौरान उप अभियंता नवीन सिन्हा का मुख्यालय राष्ट्रीय राजमार्ग मंडल, बिलासपुर स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।
घटिया सड़क मरम्मत कार्य को लेकर की गई यह कार्रवाई विभागीय महकमे में हलचल का कारण बनी हुई है, वहीं राष्ट्रीय राजमार्गों पर चल रहे अन्य कार्यों की गुणवत्ता पर भी नजरें टिक गई हैं।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।